विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Kribhco Earned Rs 824 Crore Member Societies To Receive 20 Dividend Fertilizer Production Also Increased

कृभको ने कमाए 824 करोड़ : सदस्य समितियों को मिलेगा 20% लाभांश, खाद उत्पादन भी बढ़ा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 26 Sep 2026 09:10 AM IST
सार

कृभको ने वित्त वर्ष 2025-26 में 824.68 करोड़ रुपये का कर पूर्व लाभ दर्ज किया है। संस्था ने सदस्य सहकारी समितियों की इक्विटी पूंजी पर 20 प्रतिशत लाभांश घोषित किया है। इस दौरान कृभको ने 21.34 लाख टन यूरिया का उत्पादन और यूरिया व पीएंडके खाद की 45.37 लाख टन बिक्री की।

कृभको
कृभको - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसानों के लिए खाद की उपलब्धता बढ़ाने वाली प्रमुख सहकारी संस्था कृभको (KRIBHCO) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 824.68 करोड़ रुपये का कर पूर्व लाभ कमाया है। संस्था ने अपनी सदस्य सहकारी समितियों की इक्विटी पूंजी पर 20 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की है। कृभको ने शुक्रवार को वार्षिक आम सभा की बैठक के बाद यह जानकारी दी। संस्था के उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और गुजरात के सूरत में दो यूरिया संयंत्र हैं। इन दोनों संयंत्रों की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता 35 लाख टन है।

21.34 लाख टन यूरिया का उत्पादन
वित्त वर्ष 2025-26 में कृभको ने 21.34 लाख टन यूरिया और 12.39 लाख टन अमोनिया का उत्पादन किया। यूरिया संयंत्रों ने अपनी क्षमता का 97.26 प्रतिशत, जबकि अमोनिया संयंत्रों ने 99.36 प्रतिशत इस्तेमाल किया। इस दौरान कृभको की यूरिया और पीएंडके (फॉस्फोरस व पोटाश) खाद की कुल बिक्री 45.37 लाख टन रही।

सहायक कंपनी ने क्षमता से ज्यादा किया उत्पादन
कृभको की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी कृभको फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (KFL) ने भी वित्त वर्ष 2025-26 में बेहतर उत्पादन किया। कंपनी ने 11.02 लाख टन यूरिया और 6.68 लाख टन अमोनिया का उत्पादन किया। कंपनी के यूरिया संयंत्र ने अपनी क्षमता का 127.48 प्रतिशत, जबकि अमोनिया संयंत्र ने 133.16 प्रतिशत क्षमता का इस्तेमाल किया। केएफएल ने 14.40 करोड़ रुपये लाभांश देने की घोषणा की है।

कृभको एग्री बिजनेस का कारोबार 1,919 करोड़ रुपये
कृभको की एक अन्य कंपनी कृभको एग्री बिजनेस लिमिटेड (KABL) का कारोबार भी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल कारोबार 1,919.35 करोड़ रुपये रहा। इसमें घरेलू कारोबार से 1,436.81 करोड़ रुपये और निर्यात से 482.54 करोड़ रुपये की आय हुई।

गुजरात और आंध्र प्रदेश में बन रहे नए प्लांट
कृभको की एक अन्य कंपनी कृभको ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (KGEPL) गुजरात के हजीरा और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में दो संयंत्र बना रही है। कंपनी का लक्ष्य इन दोनों संयंत्रों को चालू वित्त वर्ष में शुरू करना है।

यूरिया के अलावा कई खाद और कृषि उत्पाद
कृभको यूरिया के अलावा डीएपी, एमएपी, एमओपी, कॉम्प्लेक्स खाद, जैव उर्वरक, कंपोस्ट, प्रमाणित बीज, हाइब्रिड बीज, एसएसपी, जिंक सल्फेट, प्राकृतिक पोटाश, माइकोराइजा और समुद्री शैवाल आधारित जैव-उत्पाद भी उपलब्ध कराती है। संस्था हर साल करीब 12 से 15 लाख टन गैर-यूरिया खाद का आयात करती है। इस साल अब तक करीब 9 लाख टन गैर-यूरिया खाद का आयात किया जा चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन