विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Heavy Rain In Up From Terai To Purvanchal Red Alert In 8 Districts Danger Of Thunderstorm In 59 Districts

यूपी में तराई से पूर्वांचल तक भारी बारिश : 8 जिलों में रेड अलर्ट, 59 जिलों में आंधी-वज्रपात का खतरा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 25 Sep 2026 08:04 PM IST
सार

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी समेत 8 जिलों में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिलों में ऑरेंज और 39 जिलों में येलो अलर्ट है। 59 जिलों में आंधी और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।

भारी बारिश का अलर्ट
भारी बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के पश्चिमी विक्षोभ के साथ असर दिखाने से उत्तर प्रदेश में बारिश तेज हो गई है। नेपाल सीमा से लगे तराई और पूर्वांचल के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई जिलों में तापमान गिरने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। कुछ जिलों में भारी से लेकर अति भारी बारिश होने की संभावना है। नेपाल सीमा से लगे तराई क्षेत्र में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है।

8 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा पूर्वांचल, मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश होने का अनुमान है।

39 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 39 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, मैनपुरी, इटावा और औरैया शामिल हैं।

59 जिलों में आंधी-वज्रपात का खतरा
प्रदेश के 59 जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि तेज झोंकों में यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थान, पेड़ और पार्कों में न जाने की अपील की है।

बारिश के चलते कई जिलों में स्कूल बंद
बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
  • गोंडा : जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार को नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश दिया है। अब स्कूल 28 सितंबर को खुलेंगे।
  • लखनऊ : जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
  • बलरामपुर : कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। अवकाश के दौरान शिक्षक विभागीय कार्य करेंगे।
सीतापुर, बाराबंकी और श्रावस्ती: मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए इन जिलों में भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने शुक्रवार को रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, मुरादाबाद, बरेली, बदायूं, बाराबंकी और रायबरेली समेत ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और जरूरी सुरक्षा कदम उठाने को कहा गया है।

27 सितंबर तक बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम खराब रह सकता है। आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, लखनऊ, कानपुर नगर और फतेहपुर समेत कई जिलों के जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की आशंका को देखते हुए राहत एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।

तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और आंधी के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। लोगों को खुले आसमान के नीचे, पेड़ के नीचे या पार्कों में रुकने से बचने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन