विज्ञापन
Home› Khabar Junction› War And Holidays Impact Tea Trade Prices Fall At Kochi Auction Average Price Drops By Rs 5

युद्ध और छुट्टियों का चाय कारोबार पर असर: कोच्चि नीलामी में दाम लुढ़के, औसत कीमत 5 रुपये गिरी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 16 Oct 2026 03:09 PM IST
सार

  • कोच्चि की नीलामी में पारंपरिक चाय की औसत कीमत 5 रुपये घटी।

  • पूजा की लंबी छुट्टियों के कारण घरेलू खरीदारों की भागीदारी कमजोर रही।

  • खाड़ी देशों में तनाव से शिपिंग, कंटेनरों की उपलब्धता और माल ढुलाई की लागत प्रभावित हुई।

  • नीलामी में 2,66,517 किलोग्राम पारंपरिक चाय रखी गई, जिसमें से 85 फीसदी बिकी।

चाय पत्ती
चाय पत्ती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोच्चि की चाय नीलामी में घरेलू और विदेशी मांग कमजोर रहने से पारंपरिक चाय (ऑर्थोडॉक्स टी) की औसत कीमत में 5 रुपये की गिरावट आई है। व्यापारियों के मुताबिक, पूजा की लंबी छुट्टियों के कारण देश के कई हिस्सों के खरीदार नीलामी से दूर रहे। वहीं, खाड़ी देशों में युद्ध की बढ़ती स्थिति के कारण चाय के निर्यात पर भी असर पड़ा है। इससे समुद्री जहाजों के संचालन, कंटेनरों की उपलब्धता और माल ढुलाई की लागत प्रभावित हुई है।

बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापारियों का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण विदेशी खरीदार चाय की नई खरीद के ऑर्डर देने से बच रहे हैं। उनका मानना है कि कमजोर मांग का असर आने वाली नीलामियों में भी जारी रह सकता है।

टी ट्रेड एसोसिएशन ऑफ कोचीन के अनिल जॉर्ज जोसेफ के मुताबिक, नीलामी की शुरुआत में पारंपरिक चाय की अच्छी मांग रही। निर्यातकों की खरीदारी से अच्छी गुणवत्ता वाली, साफ और अच्छी तरह तैयार की गई चाय को स्थिर से लेकर कुछ ऊंचे दाम मिले। हालांकि, शुरुआती दो कैटलॉग के बाद मांग कमजोर पड़ गई। बड़े निर्यातकों ने खरीदारी घटा दी, जिससे कुछ चाय बिना बिके रह गई।

नीलामीकर्ता फोर्ब्स, एवर्ट एंड फिगिस के अनुसार, इस नीलामी में 2,66,517 किलोग्राम पारंपरिक पत्ती वाली चाय बिक्री के लिए रखी गई थी। इसमें से करीब 85 फीसदी चाय ही बिक सकी। स्वतंत्र राज्यों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) देशों को निर्यात करने वाले खरीदार सक्रिय रहे, जबकि मध्य पूर्व के खरीदारों ने चुनिंदा चाय ही खरीदी। एक व्यापारी के मुताबिक, पारंपरिक चाय की कीमतें अधिक होने के कारण विदेशी खरीदार फिलहाल खरीदारी से बच रहे हैं। वे कीमतों में गिरावट का इंतजार कर रहे हैं।

कोच्चि की नीलामी में सीटीसी डस्ट चाय बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। केरल की लोकप्रिय और महंगी किस्मों के दाम 1 से 2 रुपये तक गिर गए। हालांकि, अच्छी रंगत और स्वाद देने वाली चाय की कीमतें स्थिर से मजबूत रहीं और कुछ किस्मों के दाम बढ़े भी। नीलामी में कुल 7,04,118 किलोग्राम सीटीसी डस्ट चाय बिक्री के लिए रखी गई थी। इसमें से ब्लेंडर्स यानी अलग-अलग किस्मों की चाय मिलाकर तैयार करने वाली कंपनियों ने कुल उपलब्ध मात्रा का 73 फीसदी खरीदा।
विज्ञापन
विज्ञापन