Home›Khabar Junction›
Uttarakhand Started Fish Farming From One Pond Now Saving Rs 3 Lakh Annually From Seven Ponds
उत्तराखंड : एक तालाब से शुरू किया मछली पालन, अब सात तालाबों से सालाना 3 लाख रुपये की बचत
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 12 Nov 2026 07:10 PM IST
सार
उत्तराखंड के पौड़ी में राजेंद्र चमोली ने एक तालाब से मछली पालन शुरू कर सात तालाब तक कारोबार बढ़ाया। पंगास और ग्रास कार्प उत्पादन से सालाना 3 लाख रुपये की बचत और तीन महिलाओं को रोजगार दे रहे हैं।
उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पाबौ विकासखंड स्थित बिडोली गांव के राजेंद्र चमोली ने मछली पालन को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है। करीब पांच साल पहले उन्होंने एक तालाब से मछली पालन शुरू किया था। आज उनके पास सात तालाब हैं। इनमें पंगास और ग्रास कार्प मछलियों का उत्पादन किया जा रहा है। इस व्यवसाय से सभी खर्च और तीन महिलाओं का मेहनताना निकालने के बाद राजेंद्र सालाना करीब तीन लाख रुपये की बचत कर रहे हैं।
राजेंद्र के इस काम से गांव की तीन महिलाओं को भी नियमित रोजगार मिला है। वर्तमान में उनके सात तालाबों से एक उत्पादन चक्र में करीब चार क्विंटल मछली तैयार हो रही है। तैयार मछली को वह स्थानीय बाजारों में ही बेच देते हैं। इससे उन्हें मछली बेचने के लिए दूर के बाजारों में नहीं जाना पड़ता और स्थानीय स्तर पर ही ग्राहकों की मांग पूरी हो जाती है।
सब्जी की खेती छोड़ शुरू किया मछली पालन
राजेंद्र चमोली पहले सब्जियों की खेती करते थे। करीब पांच साल पहले उन्होंने स्वरोजगार के नए अवसर तलाशते हुए मछली पालन शुरू करने का फैसला किया। जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा के मुताबिक, राजेंद्र पिछले करीब पांच साल से प्रेरणा मत्स्यजीवी सहकारी समिति से जुड़े हैं। विभागीय सहयोग और मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मिले लाभ से उन्हें मछली पालन शुरू करने में मदद मिली।
तीन महिलाओं को मिला रोजगार
राजेंद्र ने अपने मछली पालन व्यवसाय से गांव की तीन महिलाओं को भी जोड़ा है। ये महिलाएं मछलियों की देखभाल और पालन से जुड़े दूसरे कामों में सहयोग करती हैं। इससे उन्हें गांव में ही नियमित रोजगार मिल रहा है।
उत्पादन बढ़ाने की तैयारी
एक तालाब से शुरू हुआ राजेंद्र का मछली पालन व्यवसाय अब सात तालाबों तक पहुंच चुका है। फिलहाल वह पंगास और ग्रास कार्प मछलियों का उत्पादन कर रहे हैं। अब वह मछली उत्पादन में विविधता लाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि व्यवसाय का दायरा और बढ़ाया जा सके। राजेंद्र चमोली की यह पहल बताती है कि सरकारी योजनाओं और विभागीय सहयोग का लाभ लेकर गांवों में भी मछली पालन को सफल स्वरोजगार बनाया जा सकता है। इससे किसान अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों को रोजगार भी दे सकते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।