विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Bihar 53 59 Crore To Improve Irrigation System Water To Reach 6410 Hectares Of Farmland

बिहार : ₹53.59 करोड़ से सुधरेगी सिंचाई व्यवस्था, 6410 हेक्टेयर खेतों तक पहुंचेगा पानी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 12 Nov 2026 07:19 PM IST
सार

  • बिहार के उदेरास्थान सिंचाई परियोजना के पुनर्स्थापन और विस्तार के लिए 53.59 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

  • महमुदा मुख्य नहर का दो किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा।

  • जलवार नदी के 16.80 किलोमीटर हिस्से से गाद निकाली जाएगी।

  • फल्गु नदी के पानी को जलवार नदी से जोड़ने की योजना है।

  • परियोजना पूरी होने पर 6,410 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की नई सुविधा मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा देने के लिए उदेरास्थान सिंचाई परियोजना के पुनर्स्थापन और विस्तार की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जल संसाधन विभाग ने 53 करोड़ 59 लाख 6 हजार 871 रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। परियोजना के तहत नहरों का विस्तार, पुरानी नहरों की मरम्मत और जलवार नदी से गाद निकालने का काम किया जाएगा। 

इससे 6,410 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की नई सुविधा मिल सकेगी, जबकि 200 हेक्टेयर क्षेत्र में पहले से उपलब्ध सिंचाई व्यवस्था को फिर से बेहतर बनाया जाएगा। यह पहल राज्य सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत 'कृषि में प्रगति, प्रदेश की समृद्धि' के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में की जा रही है।

महमुदा मुख्य नहर का होगा विस्तार
परियोजना के तहत उदेरास्थान बराज से निकलने वाली 3.75 किलोमीटर लंबी महमुदा मुख्य नहर का दो किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा महमुदा शाखा नहर का पुनर्स्थापन और भारथु शाखा नहर में एक फाल का निर्माण कराया जाएगा। नहरों के विस्तार से सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और खेतों तक पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी।

जलवार नदी से निकाली जाएगी गाद
जलवार नदी में लंबे समय से गाद जमा होने और पानी की कमी के कारण निश्चलगंज वीयर सिंचाई योजना की क्षमता प्रभावित हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए नदी के 0 से 16.80 किलोमीटर तक गाद निकालने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही फल्गु नदी के पानी को जलवार नदी से जोड़ने की योजना है। इससे नदी में पानी की उपलब्धता बढ़ाने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

नहरों के तटबंध और पहुंच पथ होंगे मजबूत
परियोजना में केवल नहरों की मरम्मत ही नहीं, बल्कि बराज तक पहुंचने वाले रास्ते को भी दुरुस्त किया जाएगा। उदेरास्थान बराज की दाहिनी मुख्य सड़क से करीब 1,200 मीटर लंबे पहुंच पथ की मरम्मत और पुनर्स्थापन कराया जाएगा। इससे बरसात के मौसम में आवागमन में होने वाली परेशानी कम हो सकेगी।इसके अलावा महमुदा शाखा नहर के अलग-अलग हिस्सों में बाएं तटबंध को मजबूत किया जाएगा। भारथु शाखा नहर के 15.50 किलोमीटर पर एक फाल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
परियोजना पूरी होने के बाद 6,410 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की नई सुविधा विकसित होगी। वहीं, 200 हेक्टेयर जमीन में पहले से मौजूद सिंचाई सुविधा को दोबारा बेहतर बनाया जा सकेगा। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए बेहतर व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। खासकर उन क्षेत्रों के किसानों को फायदा हो सकता है, जहां नदी में गाद जमा होने और पानी की कमी के कारण सिंचाई प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन