Home›Khabar Junction›
Punjab Wheat Sowing Hastened A Rise In Field Fires Fueled By A Shortage Of Machinery
पंजाब : गेहूं की बुवाई की जल्दबाजी में खेतों में बढ़ी आग, मशीनों की किल्लत बनी वजह
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 12 Nov 2026 07:23 PM IST
सार
पंजाब में गेहूं की बुवाई में देरी के बीच पराली जलाने की घटनाएं बढ़ी हैं। CRM मशीनों की कमी, खेतों में नमी का अभाव और अल नीनो की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ाई।
पंजाब में गेहूं की बुवाई का अनुकूल समय तेजी से निकल रहा है। राज्य में अभी करीब आधे क्षेत्र में गेहूं की बुवाई बाकी है। ऐसे में किसान जल्द से जल्द खेत तैयार करने के लिए धान की पराली और फसल अवशेष हटाने में जुटे हैं। इस वजह से फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) मशीनों की मांग बढ़ गई है। हालांकि, सभी किसानों को समय पर ये मशीनें नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में कुछ किसान खेत साफ करने के लिए पराली जला रहे हैं।
किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में पराली जलाने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। दिवाली के दिन पंजाब में पराली जलाने की 1,152 घटनाएं दर्ज की गईं। आमतौर पर 15 से 20 नवंबर के बीच का समय गेहूं की बुवाई के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है। इस दौरान तापमान गेहूं के अंकुरण, शुरुआती बढ़वार और कल्ले निकलने के लिए ठीक रहता है।
अल नीनो से भी बढ़ सकती है किसानों की चिंता
कृषि विशेषज्ञ आने वाले महीनों में अल नीनो के संभावित प्रभाव को लेकर भी चिंतित हैं। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के अनुसार, अल नीनो दिसंबर के आसपास अपने चरम पर पहुंच सकता है और फरवरी 2027 तक इसका असर रह सकता है। इससे सर्दियों में सामान्य से अधिक गर्म और शुष्क मौसम रहने की आशंका है।
ऐसे मौसम में मिट्टी की नमी कम हो सकती है। साथ ही गेहूं की फसल के विकास के लिए जरूरी तापमान भी प्रभावित हो सकता है। खासकर दाना भरने के समय अधिक गर्मी पड़ने से फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, खेतों में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने की एक बड़ी वजह गेहूं की बुवाई के लिए खेतों को जल्द खाली करने का दबाव है। हालांकि, राज्य में धान की 95 प्रतिशत से अधिक कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन गेहूं की बुवाई पूरी होने में अभी करीब दो सप्ताह लग सकते हैं। जब तक ज्यादातर खेतों में गेहूं की बुवाई नहीं हो जाती, तब तक पराली जलाने की घटनाएं जारी रहने की आशंका है।
20 से 22 नवंबर तक बुवाई पूरी होने की उम्मीद
पंजाब के कृषि निदेशक गुरजीत सिंह बराड़ के अनुसार, राज्य में धान की कटाई लगभग पूरी हो चुकी है और गेहूं की बुवाई 50 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हो गई है। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों का मानना है कि नवंबर के तीसरे सप्ताह तक बोई गई गेहूं की फसल का विकास सामान्य रूप से हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 20 से 22 नवंबर तक गेहूं की बुवाई का काम पूरा हो जाएगा। कृषि विभाग फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
खेतों में नमी की कमी भी बनी चुनौती
पंजाब के कई इलाकों में खेतों में बुवाई के लिए जरूरी नमी की कमी भी किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। खेती की भाषा में मिट्टी में नमी की सही स्थिति को 'वत्तर' कहा जाता है। इसका मतलब है कि मिट्टी न तो बहुत गीली हो और न ही बहुत सूखी। गेहूं के बीजों के सही अंकुरण और पौधों के एकसमान विकास के लिए मिट्टी में नमी का यह संतुलन जरूरी है।
किसान धान की कटाई के बाद आमतौर पर खेतों में सिंचाई करते हैं। मिट्टी में उचित नमी आने के बाद जुताई और बुवाई की जाती है। सही वत्तर होने पर मिट्टी भुरभुरी रहती है और आसानी से तैयार हो जाती है। ऐसी स्थिति में मिट्टी के बड़े ढेले नहीं बनते और वह कृषि उपकरणों से चिपकती भी नहीं है।
कृषि विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, गेहूं के बीज सामान्यतः 4 से 5 सेंटीमीटर की गहराई पर बोए जाते हैं। बीजों की कतारों के बीच 20 से 22 सेंटीमीटर की दूरी रखी जाती है। इससे पौधों की जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है और फसल में अच्छे कल्ले निकलने में मदद मिलती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।