Home›Khabar Junction›
Uttar Pradesh Excessive Use Of Chemical Fertilizers Deteriorating Health Of Soil Scientists Warn Farmers
उत्तर प्रदेश : रासायनिक खाद के ज्यादा इस्तेमाल से बिगड़ रही मिट्टी की सेहत, वैज्ञानिकों ने किसानों को चेताया
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 12 Nov 2026 07:58 PM IST
सार
रासायनिक खाद और कीटनाशकों के ज्यादा इस्तेमाल से मिट्टी की सेहत बिगड़ रही है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मिट्टी की जांच, संतुलित उर्वरक और जैविक कीटनाशकों के इस्तेमाल की सलाह दी।
रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अंधाधुंध इस्तेमाल से खेतों की मिट्टी की सेहत बिगड़ रही है। मिट्टी में जीवांश कार्बन की मात्रा लगातार घट रही है, जिससे जमीन की उर्वरता पर असर पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को मिट्टी की जांच कराने के बाद उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही फसलों को कीटों से बचाने के लिए रासायनिक कीटनाशकों के बजाय जैविक विकल्पों को बढ़ावा देना जरूरी है।
यह बात गुरुवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की कृषि वैज्ञानिक डॉ. भुवनेश्वरी ने कही। वह ढकवां स्थित महादेव मंदिर परिसर में कृषि विभाग की ओर से आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
मिट्टी की सेहत नहीं सुधारी तो खेती करना होगा मुश्किल
डॉ. भुवनेश्वरी ने कहा कि खेतों की मिट्टी को बचाने के लिए अभी से गंभीर प्रयास करने की जरूरत है। अगर समय रहते मिट्टी की सेहत पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में खेती करना मुश्किल हो सकता है। खेतों और किसानों को बचाने के लिए संतुलित खेती अपनानी होगी। इसके लिए मिट्टी की जरूरत के अनुसार ही खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करना चाहिए।
प्राकृतिक खेती से सुधरेगी मिट्टी की गुणवत्ता
कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुदर्शन मौर्य ने कहा कि धरती हमारी मां के समान है और इसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। प्राकृतिक खेती अपनाकर मिट्टी की सेहत में सुधार किया जा सकता है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ ही पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न का उत्पादन भी संभव होगा।
संतुलित उर्वरकों से आएगी दूसरी हरित क्रांति
कृषि वैज्ञानिक डॉ. पूजा सिंह ने किसानों से जरूरत के मुताबिक उर्वरकों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच के आधार पर खाद और उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करना जरूरी है। इससे खेती की लागत को नियंत्रित करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि संतुलित उर्वरकों का इस्तेमाल ही दूसरी हरित क्रांति का रास्ता तैयार कर सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी और प्रगतिशील किसान बल्लभाचार्य पांडेय ने की। उन्होंने भी किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर मिट्टी की सेहत सुधारने की अपील की। इस दौरान ग्राम प्रधान सुमन देवी, सहायक विकास अधिकारी केशव प्रसाद और बीटीएम देवमणि त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जयनाथ दुबे, सभाजीत, श्रवण कुमार, परमानंद सिंह, पंकज भास्कर, पंकज तिवारी और विनोद निषाद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन देवमणि त्रिपाठी ने किया।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।