Home›Khabar Junction›
Uttarakhand Farmers Champawat Grow Kashmiri Red Chillies Market Prices Reaching Rs 800 Per Kg
उत्तराखंड : चंपावत में किसान ने उगाई कश्मीर की लाल मिर्च, 800 रुपये किलो तक है बाजार भाव
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 28 Nov 2026 02:53 PM IST
सार
उत्तराखंड के चंपावत में किसान कमल गिरि ने कश्मीरी लाल मिर्च की खेती का सफल प्रयोग किया है। इस मिर्च का बाजार भाव 800 रुपये प्रति किलो तक है। किसान अगले सीजन में बड़े स्तर पर उत्पादन करेंगे।
उत्तराखंड के चंपावत जिले में पहली बार कश्मीर की खास लाल मिर्च की खेती का प्रयोग सफल होता नजर आ रहा है। दूधपोखरा गांव के प्रगतिशील किसान कमल गिरि ने आधा नाली जमीन में इस मिर्च की खेती की शुरुआत की थी। जनवरी में लगाए गए पौधों में अब अच्छी पैदावार हो रही है। मिर्च का आकार और वजन भी अच्छा है। शुरुआती सफलता से उत्साहित किसान अब अगले सीजन में बड़े पैमाने पर इसकी खेती करने की तैयारी कर रहे हैं।
किसान कमल गिरि ने बताया कि इस साल उन्होंने जानकारी की कमी और सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण सीमित जमीन पर ही कश्मीरी मिर्च का उत्पादन किया। इसके बावजूद फसल के नतीजे काफी अच्छे रहे हैं। बाजार में इस मिर्च की कीमत करीब 800 रुपये प्रति किलो बताई जा रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली सामान्य मिर्च करीब 100 रुपये प्रति किलो बिकती है। ऐसे में कश्मीरी मिर्च किसानों की आमदनी बढ़ाने का अच्छा विकल्प बन सकती है।
उन्होंने बताया कि अगले सीजन में बड़े क्षेत्र में इसकी खेती करने की योजना है। इसके लिए वे खुद ही मिर्च के बीज तैयार करेंगे। कमल गिरि को उम्मीद है कि अगर बड़े स्तर पर इसका उत्पादन सफल रहता है तो चंपावत के दूसरे किसान भी इस खेती को अपना सकते हैं।
तड़के में बढ़ाती है खाने का स्वाद
मास्टर शेफ पिंकू सौन के मुताबिक, कश्मीरी लाल मिर्च का इस्तेमाल खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए किया जाता है। गर्म तेल या घी में डालने पर यह खास खुशबू छोड़ती है। इससे तंदूरी और ग्रेवी वाले व्यंजनों का स्वाद बेहतर हो जाता है। इस मिर्च में कैरोटीनॉयड जैसे प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसका तीखापन भी कम होता है। इसमें मौजूद कुछ प्राकृतिक तत्वों में सूजन कम करने वाले गुण पाए जाते हैं और यह पाचन क्रिया के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।
उद्यान विभाग करेगा किसान की मदद
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि प्रगतिशील किसान कमल गिरि खेती में नए प्रयोग करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने बैंगनी आलू की खेती भी शुरू की थी। अब वे कश्मीरी मिर्च का उत्पादन बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। उद्यान विभाग इस खेती को बढ़ावा देने के लिए उन्हें हरसंभव मदद देगा। कमल गिरि का यह प्रयोग सफल रहता है तो चंपावत के किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ एक नई और महंगी फसल का विकल्प मिल सकता है। इससे कम जमीन में भी अच्छी कमाई की संभावना बनेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।