कच्चे जूट की कीमतों में उतार-चढ़ाव और जमाखोरी की संभावनाओं के बीच केंद्र ने इसके भंडारण पर नई सीमाएं लागू की हैं। जूट आयुक्त ने बेलर, स्टॉकिस्ट, व्यापारियों और जूट मिलों के लिए कच्चे जूट की अधिकतम भंडारण सीमा तय कर दी है। 27 नवंबर को जारी आदेश के मुताबिक, तय सीमा से अधिक जूट रखने वाली इकाइयों को अतिरिक्त माल बेचकर उसकी असल डिलीवरी 10 दिसंबर 2026 तक खरीदारों को करनी होगी। सरकार का कहना है कि इस कदम से बाजार में कच्चे जूट की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों में उतार-चढ़ाव रोकने में मदद मिलेगी।
जूट की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए लिया फैसला
कपड़ा मंत्रालय के अनुसार, कच्चे जूट की कीमतों में अस्थिरता और सट्टेबाजी के कारण कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी जूट उद्योग के लिए खतरा बन सकती है। इससे उत्पादन और उद्योग में रोजगार प्रभावित होने की आशंका है। सरकार के मुताबिक, नई व्यवस्था का उद्देश्य जूट की सप्लाई को स्थिर करना, बाजार में हेरफेर रोकना और किसानों, निर्माताओं तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। यह आदेश जूट और जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के तहत जारी किया गया है।
बेलरों और भंडारण करने वालों के लिए अलग-अलग सीमा
नए आदेश के अनुसार, बेलिंग प्रेस रखने वाले पंजीकृत बेलर एक समय में ज्यादा से ज्यादा 1,000 क्विंटल कच्चा जूट रख सकते हैं। इस नियम के तहत अधिसूचना की तारीख तक पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले बेलर भी शामिल हैं। वहीं, दूसरे पंजीकृत भंडारण करने वाले और अधिसूचना की तारीख तक पंजीकरण के लिए आवेदन करने वालों के लिए अधिकतम भंडारण सीमा 100 क्विंटल तय की गई है।
अपंजीकृत इकाइयों के लिए सिर्फ 5 क्विंटल की सीमा
पंजीकरण से बाहर भंडारण करने वालों और बेलरों के लिए अधिकतम भंडारण सीमा 5 क्विंटल तय की गई है। यह सीमा उन पंजीकृत इकाइयों पर भी लागू होगी, जो जूट स्मार्ट पोर्टल पर अपने स्टॉक का विवरण जमा नहीं कर रही हैं।
जूट मिलें 90 दिन की खपत के बराबर रख सकेंगी स्टॉक
कच्चे जूट से जूट उत्पाद बनाने वाली मिलों और विनिर्माण इकाइयों के लिए अधिकतम भंडारण सीमा उनकी मौजूदा उत्पादन दर के आधार पर 90 दिनों की खपत के बराबर तय की गई है। आदेश के अनुसार, जिन इकाइयों के पास निर्धारित सीमा से अधिक कच्चा जूट है, उन्हें अतिरिक्त मात्रा बेचकर 10 दिसंबर 2026 तक खरीदार तक उसकी भौतिक डिलीवरी सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही, सभी संबंधित इकाइयों को अपना मौजूदा स्टॉक निर्धारित सीमा के भीतर आने तक नई खरीद तुरंत बंद करने का निर्देश दिया गया है।
हर 15 दिन में पोर्टल पर देना होगा स्टॉक का ब्योरा
आदेश के तहत सभी संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं को हर पखवाड़े जूट स्मार्ट पोर्टल पर अपने स्टॉक की स्थिति घोषित करनी होगी और उसे अपडेट करना होगा।
जमाखोरी पर कार्रवाई के लिए तलाशी और जब्ती का अधिकार
आदेश को लागू कराने के लिए जूट आयुक्त के अधिकृत प्रतिनिधियों और राज्य पुलिस के अधिकारियों को संबंधित परिसरों और गोदामों में प्रवेश कर तलाशी लेने का अधिकार दिया गया है। वे स्टॉक की घोषणाओं की जांच के लिए खाते और रिकॉर्ड भी देख सकेंगे। नियमों का उल्लंघन कर रखे गए कच्चे जूट को जब्त भी किया जा सकेगा।
जूट आयुक्त कार्यालय कच्चे जूट की जमाखोरी करने वाली इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित राज्य सरकारों से भी सहयोग मांगेगा।
नियम तोड़ने पर हो सकती है जेल और जुर्माने की सजा
सरकार के आदेश का उल्लंघन करने पर जूट और जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के खंड 11 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने पर जेल और जुर्माने की सजा हो सकती है।