Home›Khabar Junction›
Uttar Pradesh Simbhaoli Sugar Mill Faces Crushing Crisis Workers Go Strike Sugarcane Shortage Brajnathpur Too
उत्तर प्रदेश: सिंभावली चीनी मिल पर पेराई सत्र का संकट, कर्मचारी करेंगे हड़ताल, ब्रजनाथपुर में भी गन्ने की कमी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 11 Nov 2026 12:25 PM IST
सार
हापुड़ की सिंभावली चीनी मिल में गन्ना आवंटन घटने से पेराई सत्र पर संकट है। 450 कर्मचारी हड़ताल करेंगे। वहीं, ब्रजनाथपुर मिल में भी गन्ने की कमी से संचालन प्रभावित होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सिंभावली चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने पर संकट गहरा गया है। मिल को गन्ना खरीद केंद्रों का आवंटन बढ़ाने की मांग पर अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। इससे हजारों गन्ना किसान असमंजस में हैं। वहीं, मिल में काम करने वाले करीब 450 कर्मचारियों ने अपनी रोजी-रोटी को लेकर बुधवार से हड़ताल और धरना प्रदर्शन करने का एलान किया है। दूसरी ओर, ब्रजनाथपुर चीनी मिल में 11 नवंबर से पेराई सत्र शुरू होने जा रहा है, लेकिन वहां भी जरूरत के मुकाबले गन्ने की कमी बनी हुई है।
दरअसल, गन्ना भुगतान में देरी के चलते गन्ना आयुक्त के निर्देश पर इस बार सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों के कुल 184 गन्ना खरीद केंद्रों का आवंटन रद्द कर दिया गया था। इन केंद्रों को गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर की दूसरी चीनी मिलों से जोड़ दिया गया है। इसके बाद सिंभावली मिल के पास केवल छह और ब्रजनाथपुर मिल के पास चार गन्ना खरीद केंद्र रह गए हैं। सिंभावली चीनी मिल की रोजाना पेराई क्षमता 60 हजार क्विंटल से अधिक है, लेकिन मौजूदा आवंटन के आधार पर मिल को प्रतिदिन 10 हजार क्विंटल गन्ना मिलना भी मुश्किल है। ऐसे में मिल के संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गन्ना आवंटन बढ़ाने की मांग, कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी
मिल का संचालन कर रहे आईआरपी ने गन्ना आवंटन बढ़ाने की मांग को लेकर गन्ना आयुक्त के पास अपील की है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। इससे मिल कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। सिंभावली शुगर मिल्स लेबर यूनियन के अध्यक्ष नारायण सिंह ने सिंभावली थानाध्यक्ष को ज्ञापन देकर बुधवार से मिल परिसर में धरना प्रदर्शन करने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन में करीब 450 कर्मचारी शामिल होंगे।
कर्मचारियों का कहना है कि मिल का संचालन नहीं होने से उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यदि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे जिला मुख्यालय (कलक्ट्रेट) पर भी धरना देंगे।
आज से ब्रजनाथपुर चीनी मिल में शुरू होगी पेराई
ब्रजनाथपुर चीनी मिल में 11 नवंबर से पेराई सत्र शुरू होगा। जिला गन्ना अधिकारी अंगद सिंह के मुताबिक, मिल का इंडेंट जारी हो चुका है। फिलहाल मिल को चार गन्ना खरीद केंद्रों और मिल गेट पर आने वाला गन्ना ही मिलेगा।
इन केंद्रों में भटैल, हसनपुर कांकर, मीरपुर कलां और काठीखेड़ा शामिल हैं। इसके अलावा मिल गेट क्षेत्र से भी 3,217 हेक्टेयर में गन्ना जुड़ा हुआ है। अंगद सिंह ने बताया कि ब्रजनाथपुर मिल का पेराई सत्र बुधवार से शुरू होगा, लेकिन सिंभावली चीनी मिल के संचालन की तारीख अभी तय नहीं हुई है। सिंभावली मिल का इंडेंट भी जारी नहीं हो सका है।
सिंभावली का गन्ना भी ब्रजनाथपुर भेजने की तैयारी
दोनों चीनी मिलों के पास उनकी क्षमता के अनुसार पर्याप्त गन्ना नहीं है। ऐसे में सिंभावली मिल को आवंटित छह गन्ना खरीद केंद्रों का गन्ना भी ब्रजनाथपुर चीनी मिल से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस प्रस्ताव को अभी मंजूरी नहीं मिली है।
भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष पवन हूण ने भी इस मामले में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सिंभावली चीनी मिल से अब केवल छह गन्ना खरीद केंद्र जुड़े हैं। इन केंद्रों के किसान पहले से ही गन्ना भुगतान के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि नए पेराई सत्र में जो भी अधिकारी गन्ने का इंडेंट जारी करेगा, उसे किसानों का भुगतान सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी भी लेनी होगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।