टाटा स्टील और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) के संयुक्त उद्यम एमजंक्शन सर्विसेज (mjunction services) ने कृषि उत्पादों की ऑनलाइन नीलामी के लिए सरकारी एजेंसियों के साथ साझेदारी की है। कंपनी ने भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) की ओर से अब तक 3,200 टन से अधिक प्याज की बिक्री कराई है। इसके अलावा, कंपनी ने हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन महासंघ (HAFED) के लिए चीनी की ऑनलाइन नीलामी भी शुरू की है।
दरअसल, जुलाई से प्याज की कीमतों में तेजी आने के बाद सरकार ने बाजार में प्याज का भंडार जारी करने का फैसला किया था। इसका उद्देश्य प्रमुख बाजारों में प्याज की उपलब्धता बढ़ाकर कीमतों को नियंत्रित करना था।
ऑनलाइन नीलामी से पारदर्शी तरीके से बिक्री
सरकार ने दिल्ली-एनसीआर, गुवाहाटी, रांची और कोलकाता समेत कई बाजारों में प्याज की बिक्री के लिए एमजंक्शन को ऑनलाइन नीलामी की जिम्मेदारी सौंपी। कंपनी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पंजीकृत खरीदारों को नीलामी में हिस्सा लेने और बोली लगाने की सुविधा देती है।
इस प्रक्रिया में खरीदार प्रतिस्पर्धी बोली लगाते हैं, जिससे बाजार में उत्पाद की सही कीमत तय करने में मदद मिलती है। साथ ही, ऑनलाइन लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है, जिससे बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है। इस व्यवस्था से सरकारी एजेंसियों को अधिक खरीदारों तक पहुंचने में भी मदद मिलती है।
कंपनी ने प्याज की बिक्री के लिए प्रमुख मंडियों में व्यापारियों से संपर्क किया और नए खरीदारों का पंजीकरण कराया। इसके लिए अपने ऑनलाइन नीलामी प्लेटफॉर्म में जरूरी बदलाव भी किए। कंपनी के मुताबिक, रोजाना नीलामी और कुछ ही घंटों में भुगतान की व्यवस्था के चलते तकनीकी और परिचालन टीमों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी था। इसी प्रयास से 3,200 टन से अधिक प्याज की बिक्री संभव हुई।
हरियाणा, दिल्ली और यूपी में चीनी की नीलामी
प्याज के अलावा कंपनी ने हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन महासंघ (HAFED) की ओर से चीनी की भी ऑनलाइन नीलामी कराई है। इसके लिए हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में संभावित खरीदारों की पहचान कर उनसे संपर्क किया गया।
कंपनी के प्लेटफॉर्म पर चीनी की बिक्री ट्रक के हिसाब से तय मात्रा में की जाती है। नीलामी को मंजूरी मिलने के बाद खरीदारों को ऑनलाइन डिलीवरी नोट दिया जाता है और उसी दिन भुगतान करना होता है। इससे बोली लगाने, भुगतान और सामान की डिलीवरी की प्रक्रिया एक ही व्यवस्था के तहत पूरी होती है।
एमजंक्शन सर्विसेज के प्रबंध निदेशक और सीईओ विनय वर्मा ने कहा कि जब सरकारी एजेंसियां कृषि उत्पादों का स्टॉक बाजार में जारी करती हैं, तो बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ तेजी भी जरूरी होती है। खासकर प्याज जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों के मामले में देरी से कई तरह की परिचालन संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
12 हजार से अधिक खरीदार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े
कंपनी के मुताबिक, प्याज और चीनी की ऑनलाइन नीलामी से कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए उसकी डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ा है। कंपनी के ग्राहकों और साझेदारों में भारतीय खाद्य निगम (FCI), NAFED, NCCF, तेलंगाना सिविल सप्लाईज, HAFED और हरियाणा राज्य भंडारण निगम शामिल हैं।
एमजंक्शन के ऑनलाइन नीलामी प्लेटफॉर्म से कृषि उत्पादों के क्षेत्र में 12,000 से अधिक पंजीकृत खरीदार जुड़े हुए हैं। इस प्लेटफॉर्म पर चावल, गेहूं, दालें, तिलहन, चीनी, पशु आहार और प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों की भी खरीद-बिक्री होती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।