Home›Khabar Junction›
Cumin Prices Rise 52 Week High With Drought In Gujarat And Rajasthan Threatening To Reduce Production
जीरा हुआ महंगा : 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंचा भाव, गुजरात-राजस्थान में सूखे से उत्पादन घटने की आशंका
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 11 Nov 2026 12:57 PM IST
सार
जीरे का भाव 28,700 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है। कम स्टॉक और निर्यात मांग में बढ़ोतरी के बीच गुजरात और राजस्थान में सूखे के खतरे से जीरे की बुवाई और उत्पादन घटने की आशंका है।
गुजरात और राजस्थान में मिट्टी में नमी की कमी से रबी सीजन 2026-27 में जीरे की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। कम बारिश और सूखे जैसे हालात के कारण बुवाई में देरी हो सकती है। साथ ही, इस बार जीरे की खेती का कुल रकबा भी घटने का अनुमान है। दूसरी ओर, बाजार में पुराने जीरे का सीमित स्टॉक और निर्यात मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी बनी हुई है।
पिछले एक महीने में प्रमुख मंडियों में जीरे का भाव बढ़कर 28,700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। यह जुलाई 2024 के बाद का उच्च स्तर बताया जा रहा है। बाजार में उपलब्ध स्टॉक कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मांग बढ़ने के कारण जीरे की कीमतों को लगातार समर्थन मिल रहा है। हाल के दिनों में जीरे के निर्यात में भी 22 से 23 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे घरेलू बाजार में मांग का दबाव बढ़ा है और कीमतों में तेजी आई है।
नई फसल का रकबा और उत्पादन घटने का अनुमान
जीरे की खेती पर मौसम की मार पड़ने की आशंका भी बाजार की चिंता बढ़ा रही है। गुजरात और राजस्थान देश के प्रमुख जीरा उत्पादक राज्य हैं। इन दोनों राज्यों में मिट्टी में पर्याप्त नमी नहीं होने के कारण किसान बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियों का इंतजार कर रहे हैं। यदि बारिश में देरी होती है, तो इसका सीधा असर बुवाई के समय और खेती के कुल रकबे पर पड़ सकता है।
अनुमान के मुताबिक, रबी सीजन 2026-27 में जीरे का रकबा घटकर करीब 4.70 लाख हेक्टेयर रह सकता है। वहीं, उत्पादन भी पहले के अनुमानित 5.39 लाख टन से घटकर करीब 4.70 लाख टन रहने की आशंका है। उत्पादन में संभावित गिरावट से आने वाले महीनों में जीरे की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
अगले 4 से 6 सप्ताह अहम
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले चार से छह सप्ताह जीरे की नई फसल के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इस दौरान होने वाली बारिश और मिट्टी में नमी की स्थिति तय करेगी कि किसान कितने क्षेत्र में जीरे की बुवाई कर पाते हैं। यदि इस अवधि में पर्याप्त बारिश नहीं होती है, तो बुवाई में और देरी हो सकती है। इससे फसल का रकबा घटने के साथ उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
फिलहाल बाजार में कम उपलब्धता और निर्यात मांग के चलते जीरे की कीमतें मजबूत बनी हुई हैं। हालांकि, नई फसल की बुवाई और उत्पादन को लेकर तस्वीर अगले कुछ सप्ताह में मौसम की स्थिति साफ होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।