विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Uttar Pradesh Farmers Rewarded Bumper Sugarcane Yields Producing Up To 1499 Quintals Per Hectare

उत्तर प्रदेश : गन्ने की बंपर पैदावार लेने वाले किसानों को मिला इनाम, एक हेक्टेयर में 1499 क्विंटल तक उत्पादन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 04:19 PM IST
सार

लखीमपुर में डीसीएम श्रीराम समूह ने गन्ने की बंपर पैदावार लेने वाले 457 किसानों को सम्मानित किया। जानिए गन्ने का उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों ने क्या सुझाव दिए।

गन्ने की खेती
गन्ने की खेती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर क्षेत्र में गन्ने की अच्छी पैदावार लेने वाले 457 किसानों को डीसीएम श्रीराम समूह ने सम्मानित किया। समूह ने 'उपज बढ़ाओ, इनाम पाओ' पहल के तहत इन किसानों को पुरस्कार दिए। यह सम्मान 2025-26 के पेराई सत्र में शरदकालीन गन्ना बुवाई अभियान के दौरान अधिक उत्पादन लेने वाले किसानों को दिया गया।

इस योजना के तहत उन किसानों को चुना गया, जिन्होंने एक हेक्टेयर में 1,000 से लेकर 1,499 क्विंटल से अधिक तक गन्ने का उत्पादन किया। इन किसानों ने उन्नत कृषि तकनीकों, बेहतर खेती के तरीकों और सिफारिश की गई गन्ने की किस्मों को अपनाकर अच्छी पैदावार हासिल की।

कार्यक्रम में डीसीएम श्रीराम समूह के कार्यकारी निदेशक आरएल तमक ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए गन्ने की पैदावार बढ़ाना जरूरी है। क्षेत्र में गन्ने का औसत उत्पादन अभी कम है। ऐसे में किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज का इस्तेमाल करने और प्रति हेक्टेयर उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अजाबापुर चीनी मिल की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1997 में मिल की शुरुआत 22 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई से हुई थी। अब इसकी पेराई क्षमता बढ़कर 2.25 करोड़ क्विंटल से अधिक हो गई है।

15 मार्च तक गन्ने की बुवाई करने से बढ़ेगा उत्पादन
जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती ने किसानों को नियमित रूप से मिट्टी की जांच कराने, रोगों से लड़ने वाली गन्ने की किस्में लगाने और सिंचाई में पानी का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 15 मार्च तक गन्ने की बुवाई करने से पैदावार में करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने गन्ने के बीज की कमी को देखते हुए ऐसी मशीनों के इस्तेमाल की सलाह दी, जिनसे गन्ने और गेहूं की बुवाई एक साथ की जा सकती है।

चार साल में एक बार कराएं मिट्टी की जांच
शाहजहांपुर स्थित गन्ना शोध संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. पीके कपिल ने किसानों को बीज तैयार करने के लिए 8 से 10 महीने पुराने गन्ने का इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसानों को हर चार साल में मिट्टी की जांच करानी चाहिए। इसके अलावा गन्ने के साथ दूसरी फसलें उगाने और कतारों के बीच चार फीट की दूरी रखने से भी फायदा हो सकता है।

इकाई प्रमुख प्रदीप त्यागी ने बताया कि क्षेत्र में गन्ने की औसत पैदावार करीब 450 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। वैज्ञानिक तरीके और आधुनिक तकनीक अपनाकर इसे दोगुना किया जा सकता है। कार्यक्रम में गन्ने की पेड़ी फसल का प्रबंधन, ट्रेंच विधि से बुवाई, जैविक खाद के इस्तेमाल और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को खेती की लागत कम करने और पैदावार बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की सलाह दी।
विज्ञापन
विज्ञापन