विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up S New Dairy Model 4 Lakh Rural Women Managing The Milk Business 76 000 Women Have Become Lakhpati Didis

UP का नया डेयरी मॉडल : 4 लाख ग्रामीण महिलाएं संभाल रहीं दूध कारोबार, 76 हजार महिलाएं बनीं लखपति दीदी

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 15 Nov 2026 05:10 PM IST
सार

  • यूपी में 4 लाख से अधिक महिलाएं संभाल रहीं दूध का कारोबार
  • 31 जिलों में रोजाना 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध का संग्रह
  • डेयरी मॉडल से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
  • दूध की गुणवत्ता जांच से लेकर बिक्री और भुगतान तक संभाल रहीं जिम्मेदारी
  • डिजिटल मशीनों और ऑनलाइन रिकॉर्ड से कारोबार में बढ़ी पारदर्शिता

यूपी की डेयरी व्यवस्था में ग्रामीण महिलाएं की धाक।
यूपी की डेयरी व्यवस्था में ग्रामीण महिलाएं की धाक। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में डेयरी नेटवर्क, एसएची मॉडल चार लाख महिलाओं के लिए आमदनी का माध्यम बन गया है। जानकारी के अनुसार, चार लाख से ज्यादा महिलाएं दूध के संग्रह, उसकी गुणवत्ता की जांच, बिक्री और भुगतान तक की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 31 जिलों में इन महिलाओं द्वारा रोजाना 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध एकत्र किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस मॉडल के माध्यम से इनमें से 76 हजार से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

बिचौलियों से मुक्ति और बाजार से सीधा जुड़ाव
प्रदेश सरकार के अनुसार, सीएम योगी के निर्देश पर आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण कारोबार को बिचौलियों के प्रभाव से मुक्त करने और महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ने का अभियान चलाया गया है। सरकारी विवरण के मुताबिक, गांवों में तैयार हुए इस नए नेटवर्क से महिलाओं को दूध का उचित मूल्य मिल रहा है और कारोबार का पूरा हिसाब-किताब भी उन्हीं के पास रहता है।

गांव में ही मिल रहा नियमित और भरोसेमंद बाजार
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन लंबे समय से परिवारों की आमदनी का अहम जरिया रहा है, लेकिन पहले दूध की बिक्री, कीमत तय करने और लेखा-जोखा रखने में महिलाओं की सीधी भागीदारी बेहद सीमित थी। आजीविका मिशन के तहत अपनाए गए डेयरी के नए मॉडल ने इस पारंपरिक व्यवस्था को बदला है। अब गांव की महिलाएं खुद दूध उत्पादक समूहों और कंपनियों संग जुड़कर अपने ही गांव में बाजार का लाभ उठा रही हैं और लाखों का कारोबार संभाल रही हैं।

डिजिटल जांच और ऑनलाइन रिकॉर्ड से बढ़ी पारदर्शिता
दूध कारोबार में मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों के उपयोग पारदर्शिता का काम कर रहा है, जैसे पहले ग्रामीण पशुपालकों को स्थानीय खरीदारों पर निर्भर रहना पड़ता था, जहां कीमत और गुणवत्ता की जांच को लेकर विकल्प सीमित थे। अब दूध संग्रह केंद्रों पर मशीनों के जरिए दूध में फैट और गुणवत्ता की जांच की जा रही है तथा मात्रा, कीमत और भुगतान का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज हो रहा है। इससे महिला पशुपालकों को तुरंत पता चल जाता है कि उन्होंने कितना दूध जमा किया और उसके बदले कितना पैसा मिलेगा, जिससे कीमत को लेकर होने वाली असमंजस की स्थिति खत्म हुई है।

परिवार के आर्थिक प्रबंधन में बढ़ी महिलाओं की हिस्सेदारी
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, डिजिटल डेयरी नेटवर्क का सकारात्मक असर महिलाओं की आर्थिक स्थिति पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 31 जिलों में फैले महिला नेतृत्व वाले इस दुग्ध मॉडल से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मिशन निदेशक के मुताबिक, डेयरी व्यवसाय अब महिलाओं के लिए केवल अतिरिक्त कमाई का साधन न रहकर एक नियमित और मजबूत आजीविका के रूप में उभरा है। दूध बिक्री की आमदनी सीधे महिलाओं के हाथ में आने से परिवार के रोजमर्रा के खर्चों, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों को पूरा करने में उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ी है।

मोबाइल तकनीक ने आसान बनाया रोजमर्रा का कारोबार
मिशन निदेशक अरुण कुमार का कहना है कि मोबाइल और डिजिटल तकनीक ने गांव की महिला पशुपालकों के लिए व्यापार को पहले के मुकाबले काफी सरल बना दिया है। उनके अनुसार, दूध के संग्रह से लेकर भुगतान तक की सभी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध होने के कारण अब महिलाओं को अपने दैनिक कारोबार का हिसाब रखने के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। अरुण कुमार के मुताबिक, ग्राम स्तर पर विकसित हुआ यह डिजिटल नेटवर्क महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।


विज्ञापन
विज्ञापन