Home›Khabar Junction›
Shivraj Announces Lack Of Funds Not Stop Talented Children From Studying Help Cover Education Expenses
शिवराज का एलान: पैसों की कमी से नहीं रुकेगी प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई, शिक्षा का खर्च उठाने में करेंगे मदद
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 15 Nov 2026 04:49 PM IST
सार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में किरार कुंभ को संबोधित करते हुए गरीब प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई में मदद, युवाओं को रोजगार देने और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
किरार कुंभ में शिवराज ने दिलाई नशामुक्ति की याद
- फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को इंदौर में आयोजित अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के 'किरार कुंभ' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज की एकता, बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार और नशामुक्ति जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से वंचित नहीं रहना चाहिए। ऐसे बच्चों की शिक्षा पूरी कराने की जिम्मेदारी पूरे समाज की है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों की पढ़ाई में खुद भी सहयोग करने का भरोसा दिया।
'किरार समाज मेरे बचपन का झूला और जवानी की फुलवारी'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किरार समाज उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा, "किरार समाज मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है। इसी समाज के संस्कारों ने मुझे जीवन में आगे बढ़ने की दिशा दी है।"
उन्होंने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनका जन्म जैत गांव के एक किसान परिवार में हुआ था। बचपन में उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता पढ़ी, जिससे उन्हें दूसरों के लिए जीने और अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी से निभाने की सीख मिली। उन्होंने कहा, "अपने लिए जिए तो क्या जिए, जो समाज, देश और जनता के लिए जीता है, उसका जीवन ही वास्तव में सार्थक है।"
बचपन से ही अन्याय के खिलाफ लड़ने की थी भावना
शिवराज सिंह चौहान ने अपने बचपन का एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि जैत गांव में उस समय मजदूरों को बहुत कम मजदूरी मिलती थी। खेतों में काम करने वाले मजदूर और चरवाहे सुबह से रात तक मेहनत करते थे, लेकिन उन्हें बदले में केवल ढाई पाई मिलती थी।
एक दिन एक छोटे चरवाहे को देर से आने पर डांटा और पीटा गया। यह देखकर उन्हें काफी दुख हुआ। उन्होंने गांव के मजदूरों को मंदिर में इकट्ठा किया और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को कहा। अगले दिन मजदूरों के साथ जुलूस निकाला गया और 'ढाई पाई नहीं तो काम नहीं' के नारे लगाए गए। इस दौरान उन्हें अपने परिवार के एक बड़े सदस्य की नाराजगी और मार भी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनके मन में अन्याय के खिलाफ लड़ने और जरूरतमंदों के लिए काम करने की भावना थी।
दिसंबर में भोपाल में होगा प्रतिभाओं का सम्मान
केंद्रीय मंत्री ने समाज के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि हर जिले में प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए, ताकि बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले। उन्होंने बताया कि दिसंबर में भोपाल में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से किरार समाज की प्रतिभाओं को बुलाकर सम्मानित किया जाएगा।
गरीब बच्चों की पढ़ाई में मदद करेंगे शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता होती है। जरूरत सिर्फ उसे सही अवसर और प्रोत्साहन देने की है। आर्थिक तंगी के कारण किसी भी मेधावी बच्चे की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने इंदौर के समाज पदाधिकारियों से ऐसे बच्चों की सूची तैयार करने को कहा, जिनके परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जो पढ़ाई का खर्च नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसे बच्चों की शिक्षा पूरी कराने में वह भी सहयोग करेंगे। उन्होंने समाज के लोगों से गरीब परिवारों के बेटों और बेटियों की पढ़ाई में मदद करने की अपील की।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शुरू करें मुफ्त कोचिंग
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए मुफ्त कोचिंग सेंटर शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि भोपाल में 'संभावना' नाम से कोचिंग सेंटर शुरू किया गया था। इसके माध्यम से करीब 100 बच्चों का सरकारी सेवाओं में चयन हुआ। फिलहाल विदिशा में 'मामा कोचिंग क्लास' संचालित की जा रही है। रायसेन और भैरूंदा में भी ऐसी कोचिंग शुरू करने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि निजी कोचिंग संस्थानों की फीस अधिक होने के कारण गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे अच्छी तैयारी नहीं कर पाते। ऐसे में समाज को अपने स्तर पर मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था करनी चाहिए।
युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकारी नौकरियों में अवसर सीमित हैं। इसलिए युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ अपना व्यवसाय और उद्योग शुरू करने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों से ऐसे युवाओं की सूची बनाने को कहा, जो अपना कारोबार या उद्योग शुरू करना चाहते हैं। इसके बाद उन्हें प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की दूसरी योजनाओं से जोड़ने में मदद की जाए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को बैंक से कर्ज, प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं दिलाने में भी सहयोग करना चाहिए। हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि बच्चे सिर्फ नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को नौकरी देने वाले उद्यमी भी बनें।
नशे से बर्बाद हो रहे परिवार, समाज मिलकर ले संकल्प
कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं में बढ़ती नशे की आदत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ शरीर और स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां नशे की वजह से कई परिवार तबाह हो चुके हैं। युवाओं को नशे से दूर रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने समाज के लोगों से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को सही दिशा देना जरूरी है, ताकि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने परिवार और देश के विकास में योगदान दे सकें।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।