विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Unique Chili Grows Upwards Toward Sky Not Downwards Farmer Ramlal Lahre Preserved It Receives Award

गायब होने की कगार पर थी शुगर कंट्रोल करने वाली औषधीय जईया मिर्च : बचाने वाले किसान रामलाल को राष्ट्रीय सम्मान

गांव जंक्शन डेस्क, रायपुर Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 15 Nov 2026 04:40 PM IST
सार

  • छत्तीसगढ़ के किसान रामलाल लहरे को मिला राष्ट्रीय सम्मान
  • जईया मिर्च के संरक्षण के लिए प्लांट जीनोम सेविअर फार्मर अवार्ड
  • खेती शुरू कीव्यावसायिकविलुप्त होती मिर्च को एक पौधे से बढ़ाकर
  • कम पानी में उगती है यह बेहद तीखी और औषधीय गुणों वाली जंगली मिर्च
  • सम्मान संग एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र मिला

रामलाल लहरे
रामलाल लहरे - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फसल किस्मों के संरक्षण में छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका है। केंद्र सरकार ने बलरामपुर जिले के किसान और एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में स्वर्ण पदक विजेता रामलाल लहरे को जईया मिर्च के सफल संरक्षण और उसे बढ़ावा देने के लिए प्लांट जीनोम सेविअर फार्मर रिकग्निशन अवार्ड से सम्मानित किया है। इस राष्ट्रीय सम्मान के तहत उन्हें एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। रामलाल लहरे ने विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी इस औषधीय जंगली मिर्च को खत्म होने से बचाने के साथ खेतों में बड़े पैमाने पर इसकी व्यावसायिक खेती भी शुरू की है।

अनोखी है यह मिर्च, कम पानी में अच्छा विकास 
रामलाल लहरे के अनुसार, उन्होंने कुछ साल पहले वाड्रफनगर के पहाड़ी जंगलों में प्राकृतिक रूप से उगने वाली बेहद तीखी जईया मिर्च के एक जंगली पौधे की खोज की थी। सामान्य किस्मों से बिल्कुल अलग इस पौधे की जड़ें बहुत गहरी होती हैं, जिससे इसे बार-बार सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती और यह केवल बारिश के पानी में भी अच्छी तरह बढ़ जाता है। ठंड और पहाड़ी मौसम में पनपने वाले इस पौधे की ऊंचाई दो से तीन मीटर तक होती है। इसका फल हल्का पीला और डेढ़ से दो सेंटीमीटर लंबा होता है, जिसकी सबसे अनोखी बात यह है कि इसके फल नीचे लटकने के बजाय ऊपर आसमान की ओर लगते हैं। पर्याप्त नमी मिलने पर यह पौधा कई सालों तक जीवित रहता है और स्थानीय लोग इसे 'धन मिर्ची' के नाम से भी जानते हैं। रामलाल ने इसकी शुरुआत सिर्फ एक पौधे से की थी और आज वे अपने खेतों में इसके हजारों पौधे तैयार कर चुके हैं।

औषधीय गुणों की खान, भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की जांच में प्रमाणित
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, जईया मिर्च सामान्य मिर्च और पूर्वोत्तर भारत की तीखी मिर्चों से भी ज्यादा तेज होती है। इसमें कैप्सेसीन नाम का एल्कलाइड यौगिक भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर में शुगर के स्तर को काबू करने और कोलेस्ट्रॉल घटाने में मददगार माना जाता है। दूूसरी तरफ यह मिर्च विटामिन ए, बी और सी से भरपूर है।

रामलाल लहरे ने बिना किसी रसायन के इस मिर्च से स्पेक्ट्रम नाम का अचार तैयार किया है, जो मधुमेह में काफी फायदमंद है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा के मार्गदर्शन में इस मिर्च के नमूनों को जांच के लिए 'भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर' भेजा गया था, जहां इसमें किसी भी हानिकारक तत्व के न होने की पुष्टि हुई। पौधे के पंजीकरण के लिए पीपीवीएफआरए में आवेदन किया गया है, जिसमें बलरामपुर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. केआर साहू तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे हैं। वहीं विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. संजना भगत के अनुसार, कैंसर के इलाज में इसके संपूर्ण लाभों पर अभी विस्तृत वैज्ञानिक शोध चल रहा है।

चिड़ियों की कमी से खत्म होने के कगार पर थी प्रजाति, 2020 में भी मिला था राष्ट्रीय सम्मान
रामलाल लहरे ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण यह दुर्लभ प्रजाति वाली मिर्च जंगलों से लगभग गायब होने लगी थी। पहले के समय में जंगलों में बड़ी संख्या में पाई जाने वाली गौरैया और दूसरी चिड़िया इस मिर्च को खाती थीं, जिससे उनके जरिए बीज बिखरने से नए पौधे अपने-आप उग आते थे। लेकिन पक्षियों की संख्या घटने से यह प्राकृतिक चक्र टूट गया और जंगलों में नए पौधे उगना बंद हो गए। इस गंभीर खतरे को देखते हुए रामलाल ने इसे बचाने के लिए खुद खेती शुरू की, क्योंकि उनका मानना है कि किसी दुर्लभ प्रजाति को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसकी व्यावसायिक खेती जरूरी है। गौरतलब है कि रामलाल लहरे को इससे पहले वर्ष 2020 में भी उनके नए कृषि प्रयोगों के लिए 'नेशनल इनोवेटिव फार्मर अवार्ड' से सम्मानित किया जा चुका है।


विज्ञापन
विज्ञापन