विज्ञापन
Home Khabar Junction Up Preparations Underway Pay Farmers Auctioning Assets Two Sugar Mills In Bareilly Dm Issues Directives

उत्तर प्रदेश : दो चीनी मिलों की संपत्ति नीलाम कर किसानों का भुगतान कराने की तैयारी, डीएम ने दिए निर्देश

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 23 Sep 2026 01:01 PM IST
सार

बरेली में बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों से जुड़े आरसी मामलों की समीक्षा हुई। बहेड़ी चीनी मिल के मुड़िया फार्म की 25 सितंबर को प्रस्तावित नीलामी और मिल की मरम्मत व बिक्री के बाद भुगतान की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों से जुड़े वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) के मामलों में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने बहेड़ी चीनी मिल की संपत्ति की नीलामी, मिल की मरम्मत और बिक्री के बाद भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

25 सितंबर को मुड़िया फार्म की नीलामी
डीएम ने कहा कि बहेड़ी चीनी मिल के मुड़िया फार्म की 25 सितंबर को प्रस्तावित नीलामी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक संभावित खरीदारों तक नीलामी की जानकारी पहुंचाना है, ताकि संपत्ति की बिक्री की प्रक्रिया में तेजी आ सके।

वहीं, नवाबगंज चीनी मिल के मूल्यांकन की रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने तहसील स्तर पर नीलामी की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर नीलामी कराई जाए।

मरम्मत में तेजी नहीं होने पर जताई नाराजगी
बैठक में बहेड़ी चीनी मिल की मरम्मत और रिपेयरिंग का काम अपेक्षित गति से नहीं होने का मुद्दा भी उठा। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई और मिल प्रबंधन को मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराने और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।

बिक्री के बाद भुगतान जल्द कराने पर जोर
डीएम ने बहेड़ी चीनी मिल की बिक्री के संबंध में दोनों पक्षों के बीच हुए एमओयू के अनुसार खरीद करने वाली फर्म से तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भुगतान समेत आरसी से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में उप गन्ना आयुक्त, एडीएम वित्त एवं राजस्व, जिला गन्ना अधिकारी, एसडीएम बहेड़ी और नवाबगंज, दोनों तहसीलों के तहसीलदार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सचिव और बहेड़ी चीनी मिल के अध्यासी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन