विज्ञापन
Home Khabar Junction Up International Trade Show Hathras Asafoetida Rabri Global Market Traders Foreign Buyers

UP International Trade Show: हाथरस की हींग-रबड़ी को मिलेगा ग्लोबल बाजार, कारोबारियों को मिलेंगे विदेशी खरीदार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 23 Sep 2026 12:19 PM IST
सार

ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में हाथरस की हींग और रबड़ी खास आकर्षण रहेंगी। जापान, वियतनाम, सिंगापुर, रूस, थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे। इससे स्थानीय उद्यमियों को नए खरीदार और निर्यात के अवसर मिलने की उम्मीद है।

हाथरस की हींग-रबड़ी को मिलेगा ग्लोबल बाजार
हाथरस की हींग-रबड़ी को मिलेगा ग्लोबल बाजार - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में हाथरस के स्थानीय उत्पादों की खास पहचान देखने को मिलेगी। यहां हाथरस की मशहूर हींग और रबड़ी के साथ ज्वेलरी, किचन वेयर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, हवन सामग्री और गुलाल जैसे उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। स्थानीय उद्यमी और निर्यातक अपने उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों के सामने पेश करेंगे।

जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त रमेंद्र कुमार ने बताया कि यह आयोजन हाथरस के उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने में मदद करेगा। इससे स्थानीय कारोबारियों को नए खरीदार मिलने के साथ निर्यात के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

हॉल नंबर-9 में दिखेगी हाथरस की हींग
एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत हॉल नंबर-9 में हाथरस की हींग प्रदर्शित की जाएगी। यहां एसडीपीएस फूड इंडस्ट्रीज के प्रेम पोद्दार और ब्रज किशोरी एंटरप्राइजेज की शशि देवी वर्मा अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।

हॉल-10 में ज्वेलरी से किचन वेयर तक
हॉल नंबर-10 में एमएसएमई, महिला उद्यमियों और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़े कारोबारी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इसमें आरबी इंडस्ट्रीज के रामबिहारी अग्रवाल, पवन ज्वेलर्स के पवन कुमार, प्लास्ट केयर के रविंद्र शर्मा, एडी स्पाइसेज के गोपाल कुमार, वर्मा ट्रेडर्स और चुन्नीलाल भगवानदास के शांतनु गुप्ता शामिल हैं। यहां हींग, ज्वेलरी, किचन वेयर और इलेक्ट्रॉनिक सामान प्रदर्शित किए जाएंगे।

हवन सामग्री और गुलाल भी बनेगा आकर्षण
हाथरस के निर्यातक भी अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपने उत्पाद पेश करेंगे। राधा किशन बिशन दास रंग रसायन के अवध अग्रवाल हवन सामग्री और आरबी डाईकेम के बांके बिहारी अग्रवाल होली के रंग और गुलाल का प्रदर्शन करेंगे।

लाइव किचन में चखने को मिलेगी रबड़ी
एक जनपद-एक व्यंजन योजना के तहत हाथरस की रबड़ी भी ट्रेड शो में आकर्षण का केंद्र रहेगी। हन्नो लाला रबड़ी वाले के कृष्णा वार्ष्णेय और प्रियांशु ट्रेडर्स के प्रियांशु वार्ष्णेय लाइव किचन में रबड़ी और उससे बने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। आकर्षक पैकेजिंग के जरिए इन उत्पादों को खरीदारों के सामने पेश किया जाएगा।

छह देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल
उपायुक्त के अनुसार, ट्रेड शो में जापान, वियतनाम, सिंगापुर, रूस, थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे। इससे हाथरस के हींग, हस्तशिल्प और खाद्य उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच बनाने का मौका मिलेगा। स्थानीय उद्यमियों को नए खरीदार मिलने और निर्यात के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन