विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Government Issues Warning Sugar Mills Face Action If There Any Discrepancy In Sugarcane Weighing

यूपी सरकार ने जारी की चेतावनी : गन्ना तौल में गड़बड़ी की तो चीनी मिलों पर होगी कार्रवाई

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 02:03 PM IST
सार

  • गन्ना तौल में हेराफेरी पर सख्ती: इलेक्ट्रॉनिक कांटों और सॉफ्टवेयर से छेड़छाड़ मिलने पर चीनी मिलों और कंपनियों पर कार्रवाई होगी।

  • पुराने कांटे बदलने के निर्देश: एनालॉग सिस्टम की जगह डिजिटल लोड सेल और इंडिकेटर लगाने को कहा गया है।

  • मशीनों की सेटिंग होगी सील: निरीक्षण और कैलिब्रेशन के बाद मशीनों की सेटिंग वाली इकाइयों को सील करना जरूरी होगा।

  • खरीद केंद्रों पर लगेंगे कैमरे: मिल गेट के साथ बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों पर भी CCTV से निगरानी होगी।

गन्ना किसान
गन्ना किसान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के साथ तौल में होने वाली गड़बड़ी रोकने के लिए सरकार ने सख्ती शुरू कर दी है। गन्ना विकास विभाग ने चीनी मिलों और तकनीकी सेवाएं देने वाली कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर गन्ने की तौल में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक कांटों या उनके सॉफ्टवेयर से छेड़छाड़ की गई तो कड़ी कार्रवाई होगी।

यह चेतावनी गुरुवार को गन्ना एवं चीनी आयुक्त भवानी सिंह खंगारोत की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन समीक्षा बैठक में दी गई। इसमें प्रदेश की चीनी मिलों के आईटी प्रमुखों के साथ हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और सालाना रखरखाव (AMC) सेवाएं देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

गन्ना तौल में गड़बड़ी रोकने के लिए नए निर्देश
राज्य में 2026-27 का गन्ना पेराई सत्र शुरू हो चुका है और ज्यादातर चीनी मिलों में पेराई का काम चल रहा है। मिलों के गेट के अलावा दूर-दराज के गन्ना खरीद केंद्रों पर भी किसानों से गन्ना खरीदा जा रहा है। ऐसे में किसानों के गन्ने की तौल में किसी तरह की हेराफेरी न हो, इसके लिए विभाग ने मिलों को खास निर्देश दिए हैं।

मिलों को छेड़छाड़ से सुरक्षित इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। इसके साथ ही पुराने एनालॉग सिस्टम को डिजिटल लोड सेल और डिजिटल इंडिकेटर से बदलने का निर्देश दिया गया है। इससे गन्ने का वजन सही तरीके से दर्ज किया जा सकेगा।

तौल मशीनों की सील से नहीं होगी छेड़छाड़
गन्ना एवं चीनी आयुक्त भवानी सिंह खंगारोत ने कहा कि तौल मशीनों की जांच और कैलिब्रेशन के बाद उनकी सेटिंग वाली इकाइयों को सील करना जरूरी है। इससे कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति मशीन की सेटिंग में बदलाव नहीं कर सकेगा।

उन्होंने मिलों को यह भी निर्देश दिया कि तौल कांटों को इस तरह सेट किया जाए कि वे केवल वजन का डेटा रिकॉर्ड करें। सिस्टम में वजन का आंकड़ा खुद से डालने या बदलने की सुविधा नहीं होनी चाहिए। इससे मशीन में दर्ज वजन के साथ हेराफेरी की आशंका कम होगी।

आयुक्त ने चीनी मिलों की आईटी टीमों और तकनीकी सेवाएं देने वाली कंपनियों को तौल में गड़बड़ी रोकने के लिए जरूरी सुधार करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण या अचानक जांच के दौरान मशीनों या सॉफ्टवेयर में छेड़छाड़ मिलने पर संबंधित कंपनी के साथ चीनी मिल के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मिल गेट के साथ खरीद केंद्रों पर भी लगेंगे CCTV कैमरे
गन्ना किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए गन्ना एवं चीनी विभाग और वजन एवं माप विभाग के अधिकारी मिलकर चीनी मिलों के गेट और बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों की जांच करेंगे। इसके अलावा मिलों को बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अभी तक मिल गेट पर तौल की निगरानी की व्यवस्था है। अब खरीद केंद्रों पर भी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

इससे गन्ने की तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों की शिकायतों की जांच करना आसान होगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उनके गन्ने का सही वजन मिले और तौल में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन