विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Fisheries Sector Set For A Boost Malaysia S Worldfish Center To Open A Project Office In Gorakhpur Mou W

UP: मछली पालन को लगेंगे पंख, गोरखपुर में प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर, सरकार संग MoU पक्का

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 13 Nov 2026 05:33 PM IST
सार

वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में खोलेगा उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस।
पूर्वांचल के मछली पालकों और युवाओं को मिलेगा मछली पालन का प्रशिक्षण।
पेंगेसियस और GIFT तिलापिया के उन्नत बीज उत्पादन में मिलेगी तकनीकी मदद।
आधुनिक मछली बीज उत्पादन केंद्र और हैचरी विकसित की जाएंगी।
अमृत कतला और जयन्ती रोहू जैसी उन्नत किस्मों के संरक्षण पर भी होगा काम।

यूपी सरकार ने मछली पालन से जुड़ा बड़ा समझौता किया, प्रशिक्षण से उन्नत बीज उत्पादन तक में मिलेगी मदद।
यूपी सरकार ने मछली पालन से जुड़ा बड़ा समझौता किया, प्रशिक्षण से उन्नत बीज उत्पादन तक में मिलेगी मदद। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर अब गोरखपुर में UP फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा। इसके लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के बीच समझौता पक्का हुआ है।

पूर्वांचल के मछली पालकों और युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार, इस समझौते के तहत प्रदेश में मछली उत्पादन, अनुसंधान और तकनीकी क्षमता के विकास को रफ्तार मिलेगी। इस योजना के माध्यम से पूर्वांचल के मछली पालकों, हैचरी संचालकों, युवाओं, शोधकर्ताओं और विभाग के कर्मचारियों को व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरी तरफ अधिकारियों और मछली पालकों को तकनीकी प्रशिक्षण के अलावा भ्रमण के जरिए भी कामकाज के नए तरीके सिखाए जाएंगे।

मछली पालकों की आय बढ़ाने और आधुनिक हैचरी बनाने पर जोर
महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. के अनुसार, इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य राज्य में मछली उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाना, अच्छी गुणवत्ता वाले मछली बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना, आधुनिक तकनीकों को फैलाना और मछली पालकों की आमदनी में बढ़ोतरी करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के जरिए प्रदेश में आधुनिक मछली बीज उत्पादन केंद्र और हैचरी विकसित की जाएंगी, जिससे उन्नत बीज का उत्पादन बढ़ सके और खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिले।

पेंगेसियस -तिलापिया जैसी किस्मों के बीज उत्पादन में मिलेगा सहयोग
डीजी मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट के तहत पेंगेसियस और GIFT तिलापिया जैसी उन्नत मछली प्रजातियों के हैचरी बीज उत्पादन के लिए तकनीकी सहयोग और व्यावहारिक मदद दी जाएगी। इसके तहत ब्रूड स्टॉक प्रबंधन, प्रजनन, स्पॉन, फ्राई और फिंगरलिंग तैयार करने की सभी प्रक्रियाओं में तकनीकी जानकारों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

अमृत कतला जैसी किस्मों के संरक्षण के लिए बनेंगी खास सुविधाएं
डीजी मत्स्य के मुताबिक, प्रोजेक्ट के तहत अमृत कतला, जयन्ती रोहू और अमूर कॉमन कार्प सहित आनुवंशिक रूप से उन्नत मछली प्रजातियों के बीज उत्पादन और संरक्षण पर भी काम किया जाएगा। इसके लिए स्टेट ब्रूड स्टॉक मल्टीप्लीकेशन एंड रिसर्च फैकल्टी, न्यूक्लियस ब्रूड बैंक तथा पेडीग्री जर्मप्लाज्म संरक्षण जैसी आधुनिक सुविधाओं को विकसित करने में वर्ल्डफिश द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा।

100% राज्य पोषित योजना से गांवों में बढ़ेगा रोजगार
सरकार के अनुसार, वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज योजना शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजना है। विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीकों के हस्तांतरण, अनुसंधान और प्रशिक्षण के जरिए यह योजना राज्य के मछली पालन क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगी। सरकारी जानकारी के मुताबिक, इससे प्रदेश इन खास प्रजातियों के मछली बीज के मामले में आत्मनिर्भर बन सकेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पोषण और खाद्य सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।

समझौते के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को हुए इस एमओयू के दौरान सीएम के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी और अपर मुख्य सचिव (मत्स्य) मुकेश कुमार मेश्राम आईएएस मौजूद रहे। इस अवसर पर वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार तथा मत्स्य विभाग के सभी अधिकारी भी उपस्थित थे।


विज्ञापन
विज्ञापन