नए पेराई सीजन में गन्ने की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर देश के कई हिस्सों में किसान आवाज उठा चुके हैं। इस दिशा में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने यूपी सरकार से गन्ने के समर्थन भाव को 550 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। गुरुवार को मंडी धनौरा में आयोजित किसान संगठन की मासिक बैठक से यह मांग निकलकर सामने आई हैं।
5009 गन्ना प्रजाति और धान खरीद केंद्रों की स्थिति
यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक कुमार ने मांग उठाई कि धनौरा की वेब शुगर मिल समेत दूसरी सभी चीनी मिलें गन्ना प्रजाति 5009 को अगेती किस्म मानकर उसकी खरीद करें। इसके अलावा, किसानों ने अमरोहा जिले और उत्तर प्रदेश के दूसरे हिस्सों में बने धान खरीद केंद्रों को ठीक ढंग से चलाने की अपील की। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि किसानों को खरीद केंद्रों पर अपना धान बेचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे तुरंत दूर किया जाना चाहिए।
किसानों को 5,000 रुपये पेंशन की मांग
बैठक में केंद्र सरकार से भी एक अहम मांग की गई, जिसके तहत 60 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके किसानों के लिए 5,000 रुपये की मासिक पेंशन शुरू करने का आग्रह किया गया। दूसरी तरफ यूपी सरकार गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य को बढ़ाने के लिए विचार कर रहा है। वहीं, चीनी उद्योग किसी भी बढ़ोतरी के पक्ष में दिखाई नही ंदे रहा है, क्योंकि वे पहले ही चीनी की उत्पादन लागत में बढ़ोतरी का हवाला दे रहे हैं।