उत्तर प्रदेश भारत के बागवानी उत्पादन का हब बनकर उभरा है। बागवानी फसलों के रकबे और प्रति हेक्टेयर उपज तक में यूपी पहले पायदान पर है। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के साल 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान बताता है कि प्रदेश में कुल 687.30 लाख मीट्रिक टन बागवानी उत्पादन हुआ है, उत्पादन का यह आंकड़ा भारत के कुल बागवानी उत्पादन का 17.76 फीसदी है।
देश के कुल बागवानी क्षेत्रफल में यूपी की हिस्सेदारी 8.92 फीसदी
एनएचबी के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बागवानी फसलों की खेती 26.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में की जा रही है। वहीं, देश का कुल बागवानी क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर है। इस तरह राष्ट्रीय बागवानी क्षेत्रफल में यूपी की हिस्सेदारी 8.92 फीसदी है।
उत्पादन के मामले में प्रदेश की हिस्सेदारी 17.76 फीसदी है, जबकि क्षेत्रफल में इसका हिस्सा 8.92 फीसदी है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में बागवानी फसलों की उत्पादकता 25.94 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है। इसके मुकाबले देश की औसत उत्पादकता 13.02 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई है। यानी प्रदेश की उत्पादकता राष्ट्रीय औसत से करीब 1.99 गुना है।
देश की कुल सब्जी का 20 फीसदी उत्पादन यूपी में
सब्जियों के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। एनएचबी के अनुमान के मुताबिक, प्रदेश में 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है। वहीं, देश का कुल सब्जी उत्पादन 2,272.68 लाख मीट्रिक टन रहा। इस तरह राष्ट्रीय सब्जी उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 20 फीसदी है।
देश के कुल आलू उत्पादन में यूपी का हिस्सा 41.18 फीसदी
आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी देश के कुल उत्पादन की 41.18 फीसदी है। एनएचबी के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 270 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 655.70 लाख मीट्रिक टन रहा।
मटर उत्पादन में भी आधे से ज्यादा हिस्सेदारी
मटर उत्पादन के मामले में भी उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में 38.06 लाख मीट्रिक टन मटर का उत्पादन हुआ। वहीं, देश का कुल उत्पादन 71.78 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 53.03 फीसदी है। यानी देश में पैदा होने वाली आधे से अधिक मटर का उत्पादन यूपी में हुआ।
आम और अमरूद के उत्पादन में भी यूपी की बड़ी हिस्सेदारी
फल उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश की प्रमुख हिस्सेदारी है। एनएचबी के अनुमान के मुताबिक, प्रदेश में 62.15 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 239.69 लाख मीट्रिक टन रहा। इस तरह आम के राष्ट्रीय उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 25.93 फीसदी है।
वहीं, अमरूद के उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 21.08 फीसदी दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश में 11.65 लाख मीट्रिक टन अमरूद का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 55.28 लाख मीट्रिक टन रहा।
शिमला मिर्च के उत्पादन में 22 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी
शिमला मिर्च के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 22 फीसदी से अधिक है। एनएचबी के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में 1.76 लाख मीट्रिक टन शिमला मिर्च का उत्पादन हुआ। वहीं, देश का कुल उत्पादन 7.97 लाख मीट्रिक टन रहा। इस तरह राष्ट्रीय उत्पादन में उत्तर प्रदेश का हिस्सा 22.06 फीसदी है।