Home›Khabar Junction›
Up 16 Districts Get Cane Harvester Machines Now Laborers Will Not Harvest Sugarcane
16 जिलों को मिली यह आधुनिक मशीन: अब मजदूर नहीं करेंगे गन्ने की कटाई, एक घंटे में खाली होगा एक एकड़ खेत
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 18 Nov 2026 01:24 PM IST
सार
यूपी के 16 जिलों के गन्ना किसानों को केन हार्वेस्टर मशीन की सुविधा मिलेगी। मशीन एक घंटे में एक एकड़ गन्ने की कटाई, छंटाई और लोडिंग कर सकती है। इससे मजदूरों की कमी से राहत मिलेगी।
गन्ने की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। अब गन्ने की कटाई के लिए मजदूरों की कमी और अधिक मजदूरी की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल सकता है। गन्ने की कटाई, पत्तियों की छंटाई और लोडिंग का काम अब आधुनिक केन हार्वेस्टर मशीन से किया जा सकेगा। यह मशीन एक घंटे में करीब एक एकड़ गन्ने की कटाई करने में सक्षम है।
उत्तर प्रदेश के 16 गन्ना उत्पादक जिलों के लिए एक-एक केन हार्वेस्टर मशीन उपलब्ध कराई जा रही है। ये सभी मशीनें बाराबंकी पहुंच चुकी हैं। यहां से संबंधित जिलों को मशीनों का वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वितरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
इन 16 जिलों के किसानों को मिलेगा फायदा
पहले चरण में पूर्वांचल और आसपास के 16 जिलों को एक-एक केन हार्वेस्टर मशीन दी जाएगी। इनमें सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, कुशीनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर और बलिया शामिल हैं। इन मशीनों का वितरण बाराबंकी से किया जाएगा। इसके बाद संबंधित जिलों में किसानों को मशीन से गन्ने की कटाई की सुविधा मिल सकेगी।
एक घंटे में एक एकड़ गन्ने की कटाई
केन हार्वेस्टर मशीन की सबसे बड़ी खासियत इसकी काम करने की क्षमता है। यह करीब एक घंटे में एक एकड़ गन्ने की कटाई, पत्तियों की छंटाई और लोडिंग कर सकती है। इससे किसानों को कटाई के लिए बड़ी संख्या में मजदूरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकार इस सुविधा को सरकारी स्तर पर उपलब्ध करा रही है। किसानों को मशीन से गन्ने की कटाई कराने के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।
मजदूरों की कमी और अधिक मजदूरी से मिलेगी राहत
गन्ने की कटाई किसानों के लिए खेती के सबसे मेहनत वाले कामों में से एक है। इसकी कटाई के साथ पत्तियों की छंटाई और गन्ने की लोडिंग के लिए बड़ी संख्या में मजदूरों की जरूरत पड़ती है। पेराई सत्र के दौरान मजदूरों की कमी होने पर किसानों को अधिक मजदूरी देनी पड़ती है। कई बार मजदूर नहीं मिलने से गन्ने की कटाई समय पर नहीं हो पाती। इससे खेत खाली करने और अगली फसल की बुवाई में भी देरी होती है। केन हार्वेस्टर मशीन से कम समय में अधिक क्षेत्रफल की कटाई हो सकेगी। इससे किसानों का समय और श्रम बचेगा। साथ ही, अगली फसल की तैयारी भी समय पर की जा सकेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।