2027 में कृषि बाजार में बढ़ेगी अनिश्चितता : मौसम, युद्ध और महंगे ईंधन से बढ़ेंगी किसानों की मुश्किलें
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Tue, 24 Nov 2026 09:21 AM IST
सार
राबोबैंक की रिपोर्ट के मुताबिक 2027 में युद्ध, महंगे ईंधन और मौसम की मार से वैश्विक कृषि बाजार में अनिश्चितता बढ़ सकती है। जानिए गेहूं, चीनी, सोयाबीन, पाम ऑयल और कॉफी की कीमतों पर क्या होगा असर।
दुनियाभर के कृषि बाजारों में साल 2027 के दौरान अनिश्चितता बढ़ने की आशंका है। रूस-यूक्रेन युद्ध समेत बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, सरकारों की नीतियों और मौसम की मार से कृषि जिंसों के कारोबार पर असर पड़ सकता है। इससे खेती की लागत बढ़ने के साथ अनाज और दूसरी कृषि उपज की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
वैश्विक बैंकिंग और कृषि क्षेत्र की प्रमुख संस्था राबोबैंक की रिसर्च इकाई राबोरिसर्च ने अपनी रिपोर्ट ‘आउटलुक 2027: फार्मिंग थ्रू द फॉग’ में यह आशंका जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अब कृषि बाजार केवल मांग और आपूर्ति के आधार पर नहीं चल रहे हैं। युद्ध, समुद्री रास्तों में रुकावट, ऊर्जा की उपलब्धता और सरकारी फैसले भी कृषि कारोबार को प्रभावित कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनियाभर की सरकारें अब खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं। ऐसे में कृषि कारोबार में कम लागत के बजाय मुश्किल परिस्थितियों से निपटने की क्षमता पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। किसानों, कारोबारियों और खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों को आने वाले समय में ईंधन, खाद, परिवहन और सरकारी नीतियों में होने वाले बदलावों को ध्यान में रखकर निवेश के फैसले लेने होंगे।
राबोबैंक में कृषि जिंस बाजार अनुसंधान के प्रमुख कार्लोस मेरा के मुताबिक, 2027 में वैश्विक कृषि बाजार का अनुमान लगाना काफी मुश्किल होगा। भू-राजनीतिक तनाव, सरकारी नीतियां, ऊर्जा की कीमतें और मौसम एक साथ बाजार को प्रभावित करेंगे। इससे कृषि जिंसों की कीमतों का अनुमान लगाना भी आसान नहीं रहेगा।
युद्ध और समुद्री रास्तों में रुकावट से बढ़ेगी लागत
रिपोर्ट के मुताबिक, बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य, होर्मुज जलडमरूमध्य और काला सागर के रास्ते होने वाले व्यापार में रुकावट से कृषि उत्पादों की ढुलाई प्रभावित हुई है। इससे जहाजों का भाड़ा, बीमा और ईंधन का खर्च बढ़ रहा है। खाद और डीजल की कीमतों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
ये चुनौतियां 2027 में भी बनी रह सकती हैं। डीजल महंगा होने और माल ढुलाई में परेशानी से किसानों की लागत और कृषि कारोबार से होने वाली कमाई प्रभावित हो सकती है। ऊर्जा की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर खेती पर सीधे और परोक्ष दोनों तरह से पड़ता है। डीजल, उर्वरक और दूसरे कृषि इनपुट महंगे होने से लागत बढ़ती है। वहीं, महंगाई और ब्याज दरों में बदलाव से कृषि कारोबार पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
हालांकि, कच्चे तेल और कृषि जिंसों की कीमतों में बढ़ोतरी का संबंध हमेशा सीधा नहीं होता। राबोबैंक के विश्लेषण के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले बदलाव से कृषि जिंसों की कीमतों में ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव का केवल 5 फीसदी हिस्सा समझाया जा सकता है। आंकड़ों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमत 1 फीसदी बढ़ने पर कृषि जिंसों की कीमतों में औसतन करीब 0.44 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है।
सरकारी नीतियां और मौसम भी बदलेंगे बाजार की चाल
रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकारें किसानों की आमदनी और खाद्य सुरक्षा बनाए रखने के लिए कृषि नीतियों की भूमिका बढ़ा रही हैं। जैव ईंधन से जुड़े नियम भी अब कृषि और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े बड़े फैसलों का हिस्सा बन रहे हैं।
अमेरिका में जैव ईंधन नीतियों का इस्तेमाल किसानों की आमदनी को सहारा देने के लिए किया जा रहा है, जबकि इंडोनेशिया में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर है। इन नीतियों से कुछ फसलों का रकबा बढ़ सकता है। हालांकि, खेती और कृषि कारोबार में लंबे समय के निवेश के लिए सरकारी नीतियों में स्थिरता जरूरी होगी।
मौसम की बात करें तो अल नीनो का मौजूदा प्रभाव 2027 की दूसरी तिमाही तक कमजोर पड़ने की उम्मीद है। दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में अनाज और तिलहन फसलों के लिए मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहा है, लेकिन पाम ऑयल, कोको, चीनी और कॉफी जैसी फसलों पर मौसम का जोखिम ज्यादा बना हुआ है। यूरोप में 2026 के दौरान पड़ी गर्मी की लहरों से मक्का और चुकंदर की पैदावार प्रभावित हुई। नदियों में पानी का स्तर घटने से माल ढुलाई और कृषि उत्पादों के निर्यात में भी दिक्कतें आईं।
गेहूं, चीनी और पाम ऑयल के बाजार में दिखेगा असर
राबोबैंक ने अलग-अलग कृषि जिंसों के बाजार को लेकर भी अनुमान जारी किया है।
गेहूं: वैश्विक बाजार में गेहूं की उपलब्धता और घट सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2027-28 में गेहूं की वैश्विक आपूर्ति में 85 लाख टन की कमी रह सकती है। रूस और यूक्रेन में गेहूं की खेती का रकबा घटने और निर्यात में रुकावट से आपूर्ति पर दबाव बढ़ने का खतरा है।
मक्का: 2026-27 में मक्का की वैश्विक आपूर्ति पर्याप्त रहने की उम्मीद है। हालांकि, लगातार दो साल उत्पादन और खपत के बीच कमी रहने तथा चीन के भंडार घटने से 2027-28 में बाजार पर दबाव बढ़ सकता है।
सोयाबीन: अमेरिका में सोयाबीन का स्टॉक फिलहाल सीमित रहने से कीमतों को सहारा मिल सकता है। हालांकि, 2027-28 में अमेरिका में सोयाबीन का रिकॉर्ड उत्पादन करीब 4.7 अरब बुशल रहने का अनुमान है। इसकी वजह खेती का रकबा बढ़ना और घरेलू स्तर पर सोयाबीन की पेराई की रफ्तार धीमी होना है।
पाम ऑयल: इंडोनेशिया में बी-50 जैव ईंधन नीति और सीमित आपूर्ति के कारण पाम ऑयल की कीमतें मजबूत रह सकती हैं। राबोबैंक ने 2027 में मलेशिया के वायदा बाजार में पाम ऑयल का औसत भाव 5,000 मलेशियाई रिंगिट प्रति टन रहने का अनुमान लगाया है। यह पिछले साल के मुकाबले 9 फीसदी अधिक है।
चीनी: वैश्विक बाजार में 2026-27 के दौरान करीब 20 लाख टन चीनी की कमी रहने का अनुमान है। इससे 2027 के मध्य तक कीमतों को सहारा मिल सकता है। हालांकि, ब्राजील में उत्पादन बढ़ने से साल के दूसरे हिस्से में कीमतों पर दबाव आ सकता है।
कॉफी: कॉफी के वैश्विक बाजार में 2026-27 के दौरान 88 लाख बैग का अतिरिक्त स्टॉक रहने का अनुमान है। इससे बाजार में आपूर्ति बढ़ने और कीमतें घटने की संभावना है। 2027-28 में मांग और आपूर्ति के बीच अंतर कम हो सकता है, लेकिन अल नीनो के मौसम संबंधी जोखिम से रोबस्टा कॉफी का उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 किसानों, कारोबारियों और खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों के लिए सामान्य हालात में वापसी का नहीं, बल्कि बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने का साल होगा। कारोबारियों को कीमतों में उतार-चढ़ाव से निपटने, पूंजी सुरक्षित रखने और व्यापार मार्गों, सरकारी नीतियों तथा खेती की लागत में बदलाव के हिसाब से तेजी से फैसले लेने होंगे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।