Home›Khabar Junction›
Pigeon Pea Drought Destroyed Pigeon Pea Crop With Production Expected To Shrink To 2 5 Million Tonnes
अरहर की दाल : सूखे की मार से तुअर की फसल बर्बाद, उत्पादन 25 लाख टन तक सिमटने का अनुमान
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Tue, 24 Nov 2026 09:05 AM IST
सार
कर्नाटक और महाराष्ट्र में सूखे से अरहर की फसल को भारी नुकसान हुआ है। देश में तुअर उत्पादन 20-25 लाख टन रहने का अनुमान है। जानिए नई फसल के मंडी भाव और आयात के ताजा आंकड़े।
देश के प्रमुख तुअर (अरहर) उत्पादक राज्यों कर्नाटक और महाराष्ट्र में सूखे का असर अब फसल पर दिखाई देने लगा है। खरीफ सीजन की नई तुअर फसल की आवक मंडियों में शुरू हो गई है, लेकिन शुरुआती आवक काफी कम है। किसानों को इस बार उत्पादन में भारी गिरावट का डर सता रहा है। कारोबारियों का अनुमान है कि देश में तुअर का कुल उत्पादन 20 से 25 लाख टन के बीच रह सकता है।
कर्नाटक के प्रमुख तुअर उत्पादक क्षेत्र कलबुर्गी में सूखे ने फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। कर्नाटक प्रदेश रेड ग्राम ग्रोअर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बसवराज इंगिन ने बिजनेस लाइन को बताया कि इस साल सूखे के कारण तुअर की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। उनका अनुमान है कि इस बार सामान्य उत्पादन के मुकाबले केवल 10 से 15 फीसदी फसल ही मिल पाएगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन की शुरुआत में लंबे समय तक बारिश नहीं होने से कई इलाकों में बीज ठीक से अंकुरित नहीं हो सके। इसके बाद किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ी। हालांकि, दोबारा बोई गई फसल भी सूखे की मार से नहीं बच सकी और पैदावार पर काफी असर पड़ा। बड़ी संख्या में किसान अब सरकार से मुआवजे और राहत की उम्मीद कर रहे हैं। कलबुर्गी मंडी में शनिवार को नई तुअर की थोड़ी मात्रा पहुंची। यहां इसके भाव 8,000 से 11,000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहे।
दिसंबर में बढ़ेगी नई तुअर की आवक
महाराष्ट्र के लातूर और सोलापुर जैसे प्रमुख बाजारों में भी नई तुअर की आवक शुरू हो गई है। लातूर की कलंत्री फूड प्रोडक्ट्स के एन. कलंत्री के मुताबिक, अभी मंडियों में थोड़ी मात्रा में नई फसल पहुंच रही है। दिसंबर में इसकी आवक बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल नई तुअर के भाव 10,500 से 11,000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूखे के कारण इस बार तुअर के दाने का आकार छोटा रह गया है। हालांकि, मौसम शुष्क रहने से फसल में नमी की समस्या नहीं है। दिवाली के बाद मांग में कुछ सुस्ती आई है। दिसंबर के आखिर में मकर संक्रांति और पोंगल जैसे त्योहारों से पहले मांग बढ़ने की उम्मीद है।
इस खरीफ सीजन में तुअर की बुवाई का रकबा पिछले साल के मुकाबले 2.83 फीसदी बढ़कर 47.25 लाख हेक्टेयर हो गया। पिछले साल यह 45.95 लाख हेक्टेयर था। इसके बावजूद कर्नाटक और महाराष्ट्र में सूखे से फसल को हुए नुकसान के कारण उत्पादन घटने का अनुमान है।
तुअर का आयात 38 फीसदी बढ़ा
इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) की साप्ताहिक रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले समय में तुअर की कीमतों में बहुत ज्यादा तेजी की संभावना नहीं है। बाजार में फिलहाल पर्याप्त स्टॉक है, जबकि मांग भी धीमी बनी हुई है। कारोबारियों के पास मौजूद स्टॉक, नियमित आयात और सरकारी भंडार से बाजार में तुअर की उपलब्धता बनी रहने की उम्मीद है।
इसके अलावा, कम कीमत वाली दूसरी दालों और अफ्रीकी देशों से बढ़ती आपूर्ति भी तुअर की कीमतों पर दबाव बनाए रख सकती है। दिसंबर से नई फसल की आवक बढ़ने के बाद उत्पादन और किसानों की बिक्री की स्थिति ज्यादा साफ होगी। इस बीच, इस साल जनवरी से सितंबर के दौरान तुअर का आयात करीब 38 फीसदी बढ़कर 6.98 लाख टन हो गया। पिछले साल इसी अवधि में 5.07 लाख टन तुअर का आयात हुआ था।
आयात में सबसे बड़ी हिस्सेदारी मोजांबिक की रही, जहां से 2.51 लाख टन से ज्यादा तुअर भारत पहुंची। इसके अलावा म्यांमार से 1.76 लाख टन, तंजानिया से 1.18 लाख टन और सूडान से 81,368 टन तुअर का आयात हुआ। अन्य देशों से भी 69,422 टन तुअर भारत पहुंची।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।