विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Making Urea From Expensive Gas 47 Costlier Fertilizer Subsidy Estimated To Reach Rs 2 5 Lakh Crore

महंगी गैस से यूरिया बनाना 47% महंगा : खाद सब्सिडी 2.5 लाख करोड़ पहुंचने का अनुमान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Tue, 24 Nov 2026 08:30 AM IST
सार

महंगी एलएनजी से भारत में यूरिया उत्पादन की लागत 47 फीसदी बढ़कर 66 हजार रुपये प्रति टन पहुंच गई है। खाद सब्सिडी चालू वित्त वर्ष में 2.5 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।

यूरिया का छिड़काव
यूरिया का छिड़काव - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका से आयात होने वाली महंगी गैस ने भारत में यूरिया उत्पादन की लागत बढ़ा दी है। फिलहाल मालभाड़े समेत गैस की कीमत करीब 31 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू है। इसके चलते घरेलू स्तर पर यूरिया बनाने की लागत 47 फीसदी बढ़कर करीब 66,000 रुपये प्रति टन पहुंच गई है। वहीं, चीन से तैयार यूरिया करीब 350 डॉलर (लगभग 32,532 रुपये) प्रति टन की दर से मिल रहा है। ऐसे में खाद उद्योग को उम्मीद है कि सरकार यूरिया का आयात और बढ़ा सकती है।

फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) के सह-अध्यक्ष सिबा प्रसाद मोहंती ने बिजनेस लाइन को बताया कि ईरान युद्ध शुरू होने से पहले देश में यूरिया उत्पादन की लागत 45,000 से 50,000 रुपये प्रति टन के बीच थी। लेकिन एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) महंगी होने से लागत में तेज बढ़ोतरी हुई है। एलएनजी यूरिया बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख कच्चा माल है।

मोहंती ने बताया कि चीन में यूरिया की कीमत फिलहाल 350 डॉलर प्रति टन है। युद्ध के बाद चालू वित्त वर्ष में वैश्विक बाजार में इसकी कीमत बढ़कर 930 डॉलर प्रति टन से भी ज्यादा हो गई थी। अप्रैल में भारत ने 935 से 959 डॉलर प्रति टन की दर से यूरिया आयात किया था। इसमें पश्चिमी और पूर्वी तट तक पहुंचाने का मालभाड़ा भी शामिल था।

अप्रैल-अक्टूबर में 7.2 लाख टन यूरिया आयात बढ़ा
मोहंती के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में यूरिया का कुल आयात पिछले साल के 10.35 मिलियन टन से कम रह सकता है। हालांकि, अप्रैल से अक्टूबर के बीच यूरिया आयात 23 फीसदी बढ़कर 7.2 मिलियन टन हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 5.86 मिलियन टन था।

खाद सब्सिडी बढ़कर ₹2.5 लाख करोड़ होने का अनुमान
एफएआई के अध्यक्ष एस. शंकरसुब्रमणियन ने बताया कि कच्चे माल और तैयार खाद की वैश्विक कीमतें बढ़ने से चालू वित्त वर्ष में सरकार का खाद सब्सिडी खर्च करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। बजट में इसके लिए 1.71 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। वित्त वर्ष 2025-26 में खाद सब्सिडी 1,86,460 करोड़ रुपये रही थी।

उन्होंने कहा कि फॉस्फेट और पोटाश (पीएंडके) खाद पर सब्सिडी भी 2026-27 में एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहने का अनुमान है। जबकि बजट में इसके लिए 54,000 करोड़ रुपये रखे गए थे। सरकार खरीफ सीजन के लिए 41,533.81 करोड़ और रबी सीजन के लिए 62,370.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी पहले ही आवंटित कर चुकी है।

खाद की खपत घटने की आशंका
एफएआई अध्यक्ष के मुताबिक, मौजूदा रबी सीजन में यूरिया, डीएपी और दूसरी खादों की पर्याप्त उपलब्धता है। हालांकि, कमजोर मानसून और अल नीनो की आशंका के कारण चालू वित्त वर्ष में कुल खाद की खपत घटकर 65 से 67 मिलियन टन रह सकती है। पिछले साल यह करीब 70 मिलियन टन थी।

अप्रैल से अक्टूबर के बीच यूरिया की बिक्री 4 फीसदी घटकर 20.85 मिलियन टन रह गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 21.64 मिलियन टन थी। दूसरी ओर, यूरिया का उत्पादन 3 फीसदी बढ़कर 17.67 मिलियन टन पहुंच गया। कई राज्यों में कमजोर मानसून के कारण खाद की मांग प्रभावित हुई है। इस दौरान डीएपी की बिक्री में 1.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि कॉम्प्लेक्स खाद की बिक्री 26 फीसदी घट गई।

यूरिया को भी पोषक तत्व आधारित सब्सिडी में लाने की मांग
एफएआई ने यूरिया को भी पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) व्यवस्था के तहत लाने का सुझाव दिया है। फिलहाल यह व्यवस्था फॉस्फेट और पोटाश वाली खादों पर लागू है। उद्योग का मानना है कि यूरिया को भी इस व्यवस्था में शामिल करने से किसान संतुलित मात्रा में खाद का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

फिलहाल यूरिया के उत्पादन से लेकर बिक्री, कीमत और आयात तक पर सरकार का नियंत्रण है। नीम कोटेड यूरिया के 45 किलो के एक बैग की अधिकतम खुदरा कीमत 267 रुपये है। उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अगर रबी 2026-27 के लिए तय 94.21 रुपये प्रति किलो नाइट्रोजन सब्सिडी के आधार पर यूरिया को भी एनबीएस में शामिल किया जाता है, तो एक बैग पर करीब 1,950 रुपये की सब्सिडी बन सकती है। मौजूदा उत्पादन लागत के हिसाब से इसकी बिक्री कीमत करीब 1,000 रुपये प्रति बैग तक पहुंच सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन