Home›Khabar Junction›
Cyclone Rains Threaten Potato Cultivation Acreage In Bengal May Decline
Potato Cultivation: चक्रवात की बारिश से आलू की खेती पर संकट, बंगाल में घट सकता है रकबा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Tue, 24 Nov 2026 09:13 AM IST
सार
चक्रवात अकवान की भारी बारिश से पश्चिम बंगाल में आलू की खेती प्रभावित हुई है। बुवाई 15 दिन पिछड़ने और खेती का रकबा घटने की आशंका है। जानिए आलू की कीमतों और उत्पादन पर इसका असर।
पश्चिम बंगाल में चक्रवात अकवान से हुई भारी बारिश ने आलू की खेती की तैयारी बिगाड़ दी है। देश के दूसरे सबसे बड़े आलू उत्पादक इस राज्य में इस बार आलू की बुवाई करीब 10 से 15 दिन देरी से होने की आशंका है। खेतों में पानी भरने से शुरुआती किस्मों की खेती को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इससे सीजन 2026-27 में आलू की खेती का कुल रकबा भी घट सकता है।
पिछले सप्ताह चक्रवात अकवान ने पड़ोसी राज्य ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया था। इसके बाद दक्षिणी पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। राज्य के प्रमुख आलू उत्पादक जिलों में खेतों में पानी भर गया, जिससे बुवाई की तैयारियां प्रभावित हुई हैं।
पानी भरने से आलू की नर्सरी को नुकसान
पश्चिम बंगाल कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य पतित पाबन डे ने बिजनेस लाइन को बताया कि भारी बारिश से उन खेतों को काफी नुकसान पहुंचा है, जहां आलू की शुरुआती किस्मों के बीज बोए जा चुके थे। ज्यादातर जगहों पर खेतों में पानी भरने से बीजों के खराब होने की आशंका है। इससे आलू की खेती प्रभावित हो सकती है।
राज्य में आलू के कुल उत्पादन में शुरुआती किस्मों की हिस्सेदारी करीब 10 फीसदी है। हालांकि, इन किस्मों को हुए नुकसान से किसानों को आर्थिक झटका लग सकता है। इससे उनकी अगली फसल में ज्यादा क्षेत्र में आलू लगाने की क्षमता भी प्रभावित होगी। पश्चिम बंगाल के हुगली, पूर्व बर्धमान और पश्चिम मेदिनीपुर राज्य के तीन प्रमुख आलू उत्पादक जिले हैं।
धान की कटाई में देरी से भी पिछड़ेगी बुवाई
पतित पाबन डे के मुताबिक, खेतों में पानी भरा होने के कारण आलू की बुवाई करीब दो सप्ताह तक पिछड़ सकती है। इसके अलावा, किसान अभी पके हुए अमन धान की कटाई भी नहीं कर पा रहे हैं। खेतों से धान की फसल हटने के बाद ही वे जमीन तैयार कर आलू के बीज बो सकेंगे।
पिछले सीजन 2025-26 में पश्चिम बंगाल में करीब 5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आलू की खेती हुई थी। अनुकूल मौसम और अच्छी पैदावार के कारण राज्य में करीब 140 लाख टन आलू का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ था। यह पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक था।
बारिश से आलू की कीमतों में उछाल
पश्चिम बंगाल प्रगतिशील आलू व्यवसायी समिति के महासचिव लालू मुखर्जी के मुताबिक, राज्य में आलू की मुख्य बुवाई आमतौर पर नवंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू होती है। लेकिन इस बार चक्रवात और बारिश के कारण इसमें कम से कम 10 दिन की देरी हो सकती है। उनका मानना है कि इस सीजन में आलू की खेती का कुल रकबा भी घटेगा।
शुरुआती किस्मों की फसल को नुकसान पहुंचने के बाद आलू की कीमतों में तेजी आने लगी है। ज्योति किस्म के आलू का भाव कोल्ड स्टोरेज के गेट पर 8 रुपये से बढ़कर 12 रुपये प्रति किलो हो गया है।इसका फायदा किसानों को भी मिल रहा है। अक्टूबर में किसानों को आलू के करीब 3 रुपये प्रति किलो मिल रहे थे, जो अब बढ़कर लगभग 6 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।