विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Cold Wave Intensifies In North India Dense Fog Alert In Uttar Pradesh Rain Expected In South India

उत्तर भारत में बढ़ने लगी ठंड : यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश के आसार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Tue, 24 Nov 2026 08:23 AM IST
सार

आज 24 नवंबर को उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ेगा, जबकि दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की संभावना है। जानिए दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत देशभर के मौसम का हाल।

देश में  ठंड की दस्तक
देश में ठंड की दस्तक - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात में ठिठुरन महसूस हो रही है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

दिल्ली में सुबह दिखेगी धुंध, रात में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ रहेगा। हालांकि सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड महसूस होगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 29 नवंबर तक सुबह हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

यूपी में घना कोहरा, बिहार और झारखंड में मौसम शुष्क
उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा छा सकता है। बिहार में भी मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। झारखंड में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। यहां बारिश या घने कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजस्थान के फतेहपुर में 2.4 डिग्री पहुंचा तापमान
राजस्थान में ठंड का असर बढ़ने लगा है। राज्य में मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चूरू में तापमान 4.1 डिग्री तक पहुंच गया।

मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार गिर रहा है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल में बारिश या तेज आंधी का अलर्ट नहीं है। यहां दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंडक महसूस हो सकती है।

दक्षिण भारत में बारिश बढ़ाएगी परेशानी
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका है। केरल और माहे में 27 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में कोहरे की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। असम और मेघालय के कुछ इलाकों में दृश्यता कम रहने की संभावना है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी सुबह कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

पहाड़ी राज्यों में साफ रहेगा मौसम
उत्तराखंड में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है, लेकिन कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा छा सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी आज बारिश या बर्फबारी के बजाय मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन