विज्ञापन
Home› Khabar Junction› There Is A Danger Of Shortage Of Sugar In Country 2 Million Tonnes Of Import Is Needed This Season

sugar: देश में चीनी की कमी का खतरा, इस सीजन 20 लाख टन आयात की जरूरत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Tue, 24 Nov 2026 08:56 AM IST
सार

भारत में चीनी उत्पादन घटने से सीजन 2026-27 में 20 लाख टन आयात की जरूरत पड़ सकती है। जानिए चीनी उत्पादन, घरेलू खपत, स्टॉक और सरकार की नई आयात नीति से जुड़ी पूरी जानकारी।

चीनी
चीनी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत को चालू चीनी सीजन (अक्टूबर 2026 से सितंबर 2027) में घरेलू मांग पूरी करने के लिए कम से कम 20 लाख टन चीनी आयात करनी पड़ सकती है। अनुमान है कि 30 सितंबर 2027 तक देश में चीनी का बचा हुआ भंडार घटकर 20 से 25 लाख टन रह जाएगा। यह मात्रा देश की करीब एक महीने की खपत के बराबर है। ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए आयात जरूरी हो सकता है।

बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, आधिकारिक तौर पर चालू सीजन में चीनी उत्पादन का अनुमान अभी जारी नहीं हुआ है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, इस बार उत्पादन 275 से 285 लाख टन के बीच रह सकता है। यह देश की सालाना खपत करीब 290 लाख टन से कम है।

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण इस सीजन में चीनी उत्पादन का अनुमान घटाया गया है। कृषि मंत्रालय की ओर से गन्ना उत्पादन का पहला अग्रिम अनुमान इस महीने के अंत तक जारी होने की संभावना है। इसके बाद उत्पादन की स्थिति और साफ हो सकेगी।

अधिकारी ने बताया कि मानसून के दौरान मराठवाड़ा, पश्चिमी महाराष्ट्र और उत्तरी व मध्य कर्नाटक में बारिश की काफी कमी रही। इसका असर गन्ने की पैदावार के साथ-साथ चीनी की रिकवरी पर भी पड़ा है। शुरुआती अनुमान में गन्ने के रकबे के आधार पर उत्पादन का आकलन किया जा सकता है, लेकिन इससे पैदावार और रिकवरी में आई गिरावट की पूरी जानकारी नहीं मिलेगी। मौजूदा सीजन में गन्ने की पेराई के दौरान कम रिकवरी के संकेत पहले ही मिल चुके हैं।

चीनी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आयात नीति पर जोर
खाद्य मंत्रालय ने एक आंतरिक रिपोर्ट में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की आपूर्ति और सख्त होने से पहले भारत को सोच-समझकर आयात नीति तैयार करनी चाहिए। इससे घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

भारत ने मई 2026 में चीनी का निर्यात अचानक रोक दिया था। इसके अलावा, बिना आयात शुल्क के 10 लाख टन कच्ची चीनी मंगाने की अनुमति भी दी गई थी। हालांकि, इन दोनों फैसलों से घरेलू बाजार को ज्यादा फायदा नहीं मिला। निर्यात पर रोक लगने तक तय मात्रा का ज्यादातर हिस्सा देश से बाहर जा चुका था। वहीं, आयातित कच्ची चीनी और घरेलू मिलों से मिलने वाली चीनी की कीमतों में अंतर के कारण आयातकों ने चीनी नहीं मंगाई।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने 18 नवंबर को जारी सूचना में बताया कि 20 अगस्त को बिना शुल्क 10 लाख टन कच्ची चीनी आयात करने की अनुमति दी गई थी। इसके तहत 8.1 लाख टन चीनी के आयात के लिए परमिट जारी किए गए। हालांकि, व्यापारियों ने 27,494 टन के परमिट वापस कर दिए, क्योंकि तय नियमों में जुर्माने का प्रावधान था और वे समय पर चीनी नहीं मंगा सके।

अब डीजीएफटी ने आयातकों से 27 नवंबर तक करीब 2.2 लाख टन चीनी के आयात के लिए परमिट लेने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने बिना शुल्क आयात की इस सुविधा को 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने का फैसला किया है। जरूरत पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

आयातित चीनी घरेलू बाजार में बेचने की भी तैयारी
सरकार ने एक और अहम फैसला लिया है। इसके तहत एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम (एएएस) के तहत बिना शुल्क आयात की गई चीनी को अब घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति दी जा सकती है। अभी इस योजना के तहत आयात की गई चीनी को दोबारा निर्यात करना होता है।

सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा चीनी सीजन के अंत तक ऐसी चीनी को घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति देने की तैयारी है। इस संबंध में फरवरी-मार्च में औपचारिक अधिसूचना जारी हो सकती है। हालांकि, घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को देखते हुए सरकार यह फैसला पहले भी ले सकती है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है। आयातक तभी चीनी बेचेंगे, जब उन्हें आयात लागत से बेहतर कीमत मिलेगी।

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने 3 नवंबर को खाद्य मंत्रालय से बिना शुल्क कच्ची चीनी आयात की सुविधा 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने की मांग की थी। संगठन ने एएएस के तहत आयातित चीनी को घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति 30 सितंबर 2027 तक देने का भी अनुरोध किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन