विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Top Borer Threat To Sugarcane Crop Rakesh Tikait Requests Cm Yogi For Night Power Supply

गन्ने की फसल पर टॉप बोरर का खतरा : राकेश टिकैत ने सीएम योगी से मांगी रात में विद्युत आपूर्ति

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 25 Sep 2026 07:09 PM IST
सार

टॉप बोरर रात्रिचर कीट है, जो प्रकाश की ओर आकर्षित होता है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गन्ना किसानों के लिए शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक सिंगल फेज बिजली देने की मांग की है, ताकि खेतों में लाइट ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप चलाए जा सकें।

भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसान नेता एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गन्ने की फसल में टॉप बोरर कीट के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से रात में खेतों के लिए बिजली आपूर्ति की मांग की है। उनका कहना है कि खेतों में लाइट ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप लगाकर इस रात्रिचर कीट के नियंत्रण में मदद मिल सकती है। इसके लिए रात में बिजली उपलब्ध होना जरूरी है। किसानों ने शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक सिंगल फेज बिजली आपूर्ति देने की मांग की है।

इस संबंध में 16 सितंबर को मेरठ के जिलाधिकारी द्वारा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा गया है। पत्र में जिला कृषि रक्षा अधिकारी, मेरठ की तकनीकी आख्या का हवाला देते हुए गन्ने की फसल को टॉप बोरर से बचाने के लिए रात में बिजली उपलब्ध कराने की जरूरत बताई गई है।

रात में सक्रिय होता है टॉप बोरर
राकेश टिकैत ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि कृषि रक्षा अधिकारी की तकनीकी आख्या के अनुसार टॉप बोरर एक रात्रिचर कीट है। यह रात में सक्रिय रहता है और प्रकाश की ओर आकर्षित होता है। ऐसे में खेतों में लाइट ट्रैप या सोलर लाइट ट्रैप लगाकर कीटों को आकर्षित करने और उनके नियंत्रण में मदद ली जा सकती है। इसके लिए खेतों में रात के समय बिजली की उपलब्धता जरूरी है। किसानों का कहना है कि यदि निर्धारित समय पर बिजली मिलती है तो वे लाइट ट्रैप लगाकर कीट प्रकोप को नियंत्रित करने के उपाय कर सकेंगे।

बैठक में भी उठी थी मांग
उन्होंने बताया कि बीती 1 सितंबर 2026 को मेरठ मंडल में हुई बैठक में भी गन्ने की फसल को टॉप बोरर से बचाने के लिए रात में बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाया गया था। बैठक में किसानों की ओर से शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक सिंगल फेज बिजली उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।

फसल को नुकसान का खतरा
टिकैत का कहना है  कि गन्ना किसानों ने फसल तैयार करने में काफी लागत, मेहनत और संसाधन लगाए हैं। ऐसे में कीट प्रकोप से फसल की वृद्धि और उत्पादन प्रभावित होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। किसानों का कहना है कि समय रहते कीट नियंत्रण के उपाय किए जाएं तो नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।

मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है। टिकैत का कहना है कि रात में बिजली उपलब्ध होने से खेतों में लाइट ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप चलाए जा सकेंगे, जिससे टॉप बोरर के नियंत्रण में मदद मिल सकती है। उन्होंने शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक सिंगल फेज विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गन्ने की फसल को कीट प्रकोप से बचाने के लिए समय पर नियंत्रण उपाय किए जा सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन