Home›Khabar Junction›
New Technology Will Come In Agriculture Icar Partners With 3 Companies To Raise Csr Funds
खेती में आएगी नई तकनीक : सीएसआर फंड जुटाने को आईसीएआर की 3 कंपनियों से साझेदारी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 25 Sep 2026 07:24 PM IST
सार
आईसीएआर ने पिडिलाइट इंडस्ट्रीज, वेंकटेश्वर हैचरीज और एवरेस्ट इंस्ट्रूमेंट्स के साथ समझौते किए हैं। सीएसआर सहयोग से कृषि तकनीक, जलवायु अनुकूल खेती, मशीनीकरण, कृषि स्टार्टअप और ग्रामीण उद्यमिता जैसी परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
आईसीएआर ने तीन कंपनियों से किया करार
- फोटो : सोशल मीडिया
खेती और इससे जुड़े क्षेत्रों में नई तकनीक, महिला-युवा सशक्तीकरण और किसानों की आजीविका बढ़ाने वाली परियोजनाओं को अब कंपनियों के सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी) फंड से मदद मिल सकेगी। इसके लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने तीन कंपनियों के साथ समझौते किए हैं।
इन समझौतों के जरिए कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में सार्वजनिक हित की परियोजनाओं के लिए कंपनियों की सामाजिक जिम्मेदारी के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग किया जाएगा। एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड ने 24 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित अपनी 15वीं वार्षिक आम बैठक और 71वीं बोर्ड बैठक के दौरान इन समझौतों में सहयोग किया।
तीन कंपनियों के साथ समझौता
आईसीएआर ने पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड, वेंकटेश्वर हैचरीज प्राइवेट लिमिटेड और एवरेस्ट इंस्ट्रूमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं। इन साझेदारियों का उद्देश्य कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में ऐसी परियोजनाओं को बढ़ावा देना है, जिनसे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिल सके।
इन क्षेत्रों में होगा काम
कंपनियों के सीएसआर सहयोग से कई प्राथमिक क्षेत्रों में काम किया जाएगा। इनमें टिकाऊ कृषि और खाद्य व्यवस्था, जलवायु अनुकूल खेती और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर प्रबंधन, किसानों की आजीविका बढ़ाने और तकनीक का हस्तांतरण, महिलाओं और युवाओं का सशक्तीकरण, कृषि स्टार्टअप और ग्रामीण उद्यमिता, नई डिजिटल तकनीक और क्षमता विकास, पोषण आधारित खेती और जैव-सुदृढ़ फसलें, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों की मूल्य श्रृंखला, कृषि मशीनीकरण, शिक्षा और ज्ञान आधारित साझेदारी और वन हेल्थ से जुड़े कार्य शामिल हैं।
तकनीक और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
इन साझेदारियों से कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को विकसित करने और किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही कृषि स्टार्टअप, ग्रामीण उद्यम और नई तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण को भी बढ़ावा मिल सकता है।
आईसीएआर के अनुसार, सीएसआर सहयोग का उपयोग सार्वजनिक हित की ऐसी परियोजनाओं में किया जाएगा, जिनका उद्देश्य कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में स्थायी विकास और किसानों की आय के अवसरों को मजबूत करना है।
एग्रीनोवेट इंडिया की अहम भूमिका
एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड आईसीएआर से जुड़ी ऐसी संस्था है, जो कृषि कारोबार, नवाचार, तकनीक के व्यावसायीकरण और सीएसआर फंड जुटाने के काम में सहयोग करती है। संस्था के जरिए कृषि अनुसंधान और उद्योग के बीच साझेदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में आईसीएआर के महानिदेशक और एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. एमएल जाट, आईसीएआर के सचिव एवं एग्रीनोवेट इंडिया के उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, वित्तीय सलाहकार संदीप सरकार, एग्रीनोवेट इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रवीण मलिक, बोर्ड के सदस्य और आईसीएआर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।