विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tomorrow Weather Rain Alert Many States Of Country Weather Change From Delhi Ncr To South India

कल का मौसम : देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR से दक्षिण भारत तक बदलेगा मौसम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 05 Oct 2026 07:47 PM IST
सार

6 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब-हरियाणा समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत में कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट भी है।

बारिश का अलर्ट
बारिश का अलर्ट - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में बारिश से गिरेगा तापमान
दिल्ली-NCR में 6 अक्टूबर को कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। यानी अगले दो-तीन दिनों में दिन के तापमान में करीब चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

यूपी में 8 अक्टूबर तक बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में 6 अक्टूबर को कई जगह हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में 6 से 8 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 9 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव जारी रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश
उत्तराखंड के अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार में आंधी और बिजली का अलर्ट
बिहार के कई हिस्सों में 6 अक्टूबर को बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राज्य में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगह बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पंजाब-हरियाणा में भी बारिश
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 अक्टूबर को कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 7 अक्टूबर तक इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।

इन राज्यों में भी बारिश का अनुमान
  • भारी बारिश : उत्तराखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक।
  • मध्यम बारिश : जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम।
  • हल्की बारिश : दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, अंडमान-निकोबार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और गोवा।

किसानों के लिए जरूरी सलाह
बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए किसान खेत में खड़ी फसल और तैयार फसल की स्थिति पर नजर रखें। जिन फसलों की कटाई हो चुकी है, उन्हें सुरक्षित और ढके स्थान पर रखने की कोशिश करें। आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले खेत में काम करने से बचें।
विज्ञापन
विज्ञापन