Home›Khabar Junction›
Sugar Mill Workers Protest Major Ultimatum Issued Before Sugarcane Crushing Season Warning Indefinite Strike
चीनी मिल कर्मचारियों का प्रदर्शन : गन्ना पेराई सीजन से पहले बड़ा अल्टीमेटम, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 05 Oct 2026 06:24 PM IST
सार
गन्ना पेराई सीजन शुरू होने से पहले महाराष्ट्र के चीनी मिल कर्मचारियों ने बड़ा अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे, जिससे राज्य की चीनी मिलों में पेराई शुरू होने पर असर पड़ सकता है।
महाराष्ट्र में चीनी मिलों के कर्मचारियों ने सोमवार को कोल्हापुर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने श्रम कानूनों में किए गए बदलाव वापस लेने, बकाया वेतन देने और रोजगार से जुड़ी कई मांगों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन में राज्यभर की चीनी मिलों के कर्मचारी शामिल हुए।
यह प्रदर्शन शुगर वर्कर्स रिप्रेजेंटेटिव काउंसिल और महाराष्ट्र स्टेट वर्कर्स फेडरेशन के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। यह हड़ताल गन्ना पेराई सीजन शुरू होने के समय प्रस्तावित है। इससे राज्य की चीनी मिलों में पेराई शुरू होने पर असर पड़ सकता है।
श्रम कानूनों में बदलाव वापस लेने की मांग
कर्मचारियों ने BIR एक्ट और श्रम कानून में किए गए बदलावों को वापस लेने और पुराने प्रावधान बहाल करने की मांग की। इसके अलावा लंबित और बकाया वेतन का तुरंत भुगतान करने की मांग भी की गई। कर्मचारियों ने कहा कि ठेका श्रमिकों को भी सेवा संरचना में शामिल किया जाए और उन्हें उचित वेतनमान दिया जाए। नियमित कर्मचारियों के समान काम करने वाले ठेका और दैनिक वेतन कर्मचारियों को भी समान दर से वेतन देने की मांग की गई।
बंद चीनी मिलें फिर शुरू करने की मांग
यूनियनों ने आर्थिक संकट और अन्य कारणों से बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की मांग की। इसके साथ ही चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 50 रुपये प्रति किलो बढ़ाने की मांग भी रखी गई। कर्मचारियों ने ऐतिहासिक बिंदु चौक से जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। इसके बाद जिला कलेक्टर डॉ. विजय राठौड़ को मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा गया।
मांगें नहीं मानीं तो 22 अक्टूबर से हड़ताल
महाराष्ट्र स्टेट शुगर वर्कर्स रिप्रेजेंटेटिव बोर्ड के महासचिव रावसाहेब पाटील ने कहा कि अगर कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गईं तो राज्यभर के चीनी मिल कर्मचारी 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य में किसी भी चीनी मिल को काम शुरू नहीं करने देंगे।
प्रदर्शन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष तात्यासाहेब काले, कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश आपटे, रविंद्र चव्हाण, कोषाध्यक्ष प्रदीप बनगे, सचिव संतोष मोरबले, कोल्हापुर जिला अध्यक्ष अविनाश पाटील और चीनी मिल महासंघ के प्रतिनिधि मंडल के उपाध्यक्ष डी.एम. निमसे समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। गन्ना पेराई सीजन नजदीक होने के कारण कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल से महाराष्ट्र में चीनी मिलों का संचालन प्रभावित होने की आशंका है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।