कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के प्रमुख टमाटर उत्पादक क्षेत्रों में फसल प्रभावित होने से मंडियों में टमाटर के दाम पिछले एक महीने में दोगुने से ज्यादा बढ़ गए हैं। सितंबर में सामान्य से अधिक तापमान, पानी की कमी और रात के तापमान में बदलाव का असर फसल पर पड़ा है। इसके साथ ही टमाटर में लीफ कर्ल वायरस का असर भी सामने आया है।
कोलार मंडी में 800 से बढ़कर 1,500 रुपये क्विंटल हुआ भाव
कृषि मंत्रालय के एगमार्कनेट पोर्टल के अनुसार, कर्नाटक की कोलार एपीएमसी मंडी में टमाटर का मॉडल भाव 10 सितंबर को 800 रुपये क्विंटल था, जो अब बढ़कर 1,500 रुपये क्विंटल हो गया है। अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर का भाव 3,000 रुपये क्विंटल से अधिक चल रहा है। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले की पालमनेर एपीएमसी में भी टमाटर का भाव एक महीने में 1,500 रुपये से बढ़कर 3,300 रुपये क्विंटल हो गया है। वहीं, महाराष्ट्र की नासिक एपीएमसी में भाव 2,100 रुपये से घटकर 1,250 रुपये क्विंटल रह गया है।
कोलार में आवक घटी, नासिक से पहुंची ज्यादा फसल
एगमार्कनेट के आंकड़ों के मुताबिक, टमाटर की आवक पिछले एक सप्ताह में 1,200 टन से नीचे रही है, जबकि एक महीने पहले यह करीब 1,700 टन थी। इस महीने की शुरुआत में आवक 950 टन से भी नीचे चली गई थी। बाद में नासिक से टमाटर की अतिरिक्त आवक होने के कारण इसमें कुछ बढ़ोतरी हुई। पालमनेर में टमाटर की आवक एक महीने पहले के 60 टन से घटकर 10 टन से भी कम रह गई है। नासिक में भी आवक 2,100 टन से घटकर 1,250 टन रह गई है।
महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र के किसान बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में अपनी फसल कोलार भेज रहे हैं। कोलार एपीएमसी के एक कारोबारी के अनुसार, इस अतिरिक्त आवक से बढ़ते दाम पर कुछ असर पड़ा है। कारोबारी ने बताया कि महीने की शुरुआत में टमाटर का भाव 1,600 रुपये से ऊपर पहुंच गया था।
38 डिग्री तापमान और पानी की कमी से फसल प्रभावित
बेंगलुरु स्थित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड के वेजिटेबल एंड फ्लावर सीड्स बिजनेस हेड अनुराग बाजपेयी के अनुसार, सितंबर में कोलार क्षेत्र का तापमान सामान्य 30 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 38 डिग्री तक पहुंच गया। किसानों को पानी की उपलब्धता की समस्या का भी सामना करना पड़ा। इसके अलावा टमाटर की फसल पर लीफ कर्ल वायरस का असर पड़ा है। कोलार के सीएमआर टोमैटो मंडी के एच. उदय कुमार ने कहा कि फिलहाल कोलार में टमाटर की फसल नहीं है। उनके अनुसार, कुछ महीने पहले भाव कम रहने के कारण किसानों ने फसल की उचित देखभाल नहीं की।
कम भाव के कारण किसानों ने घटाया फसल पर खर्च
कोलार के काजिकलहल्ली के किसान के.एन. चंद्रशेखर के अनुसार, कुछ महीने पहले किसानों को टमाटर के लिए करीब 3 रुपये किलो तक ही मिल रहे थे, जो अब बढ़कर 50 रुपये किलो से अधिक हो गया है।
एक कारोबारी के अनुसार, सामान्य तौर पर किसान फसल पर हर दूसरे दिन कीटनाशक और अन्य फसल सुरक्षा सामग्री का छिड़काव करते हैं। लेकिन भाव कम होने के कारण कई किसानों ने इसे घटाकर पांच दिन या एक सप्ताह में एक बार कर दिया। इससे फल लगने पर असर पड़ा और लीफ कर्ल वायरस के मामले भी सामने आए। कुछ टमाटर छोटे आकार के रहे, जिससे उन्हें कम भाव मिला। कोलार मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर का भाव 40 रुपये किलो से अधिक बताया गया है।
बड़े शहरों में खुदरा भाव करीब 50 रुपये किलो
दो हफ्ते पहले टमाटर का खुदरा भाव 20-25 रुपये किलो था, जो अब मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में करीब 50 रुपये किलो पहुंच गया है। दिल्ली में खुदरा भाव करीब 34 रुपये किलो बताया गया है। कारोबारियों का कहना है कि कम बारिश और उत्पादन में गिरावट को देखते हुए टमाटर के दाम आगे और बढ़ सकते हैं। कुछ कारोबारियों के अनुसार, खुदरा कीमतें दो साल पहले के स्तर पर भी पहुंच सकती हैं, जब टमाटर 100 रुपये किलो से अधिक बिका था।
मानसूनी बारिश इस साल सामान्य से 13 फीसदी कम रही है। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना विशेष रूप से प्रभावित बताए गए हैं। आंध्र प्रदेश ने 18 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है, जबकि तेलंगाना के 21 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। कर्नाटक ने 217 तालुकों को सूखे से प्रभावित घोषित किया है और तमिलनाडु के 10 से अधिक जिले भी प्रभावित हुए हैं।