देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत के राज्यों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 7 नवंबर को दिल्ली में हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह-शाम ठंड महसूस होगी। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में हल्का कोहरा, बढ़ेगी ठंड
राजधानी दिल्ली में आज सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंता का विषय बना हुआ है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में 7 नवंबर को बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रदेश में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। वहीं, दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
बिहार में भी मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध छा सकती है। झारखंड में 10 नवंबर को पूर्वी हिस्सों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक हो सकती है। 11 नवंबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 11 नवंबर तक बारिश हो सकती है। ओडिशा में भी आज और 10-11 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान में साफ रहेगा आसमान, MP में बढ़ेगी ठंड
राजस्थान में आज मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश, आंधी या गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन में धूप निकलने की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश में तापमान लगातार गिर रहा है। कई जिलों में रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 7 से 10 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। तटीय कर्नाटक में 8 नवंबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 10 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं, केरल और माहे में 8 नवंबर तक भारी बारिश का अनुमान है।
हिमाचल-उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के सभी 13 जिलों में आज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, कुछ पहाड़ी जिलों की घाटियों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में भी फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, 10 नवंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 11 नवंबर को ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।