उत्तर भारत में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में मौसम साफ रहने और बारिश की संभावना नहीं होने का अनुमान है।
दिल्ली में साफ रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 21 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां बारिश का कोई अनुमान नहीं है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यूपी-बिहार में गिर रहा तापमान
उत्तर प्रदेश में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में बारिश या तेज हवाओं को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
बिहार में भी बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। यहां भी तापमान में गिरावट का दौर जारी है। झारखंड के कुछ जिलों में 21 अक्टूबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
मध्य प्रदेश के 21 जिलों में बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद बारिश की गतिविधियां कम हो रही हैं। 21 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। किसी भी जिले में भारी बारिश या तेज आंधी-तूफान का अनुमान नहीं है। शाम और रात के समय तापमान में गिरावट से हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
तमिलनाडु-पुडुचेरी में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा केरल, माहे, लक्षद्वीप, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में इन क्षेत्रों के लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 22 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में 21 और 22 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन दो दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, 23 से 26 अक्टूबर के बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। राज्य में 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 21 अक्टूबर को बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। जम्मू-कश्मीर में भी कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
किसानों के लिए सलाह : जिन क्षेत्रों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, वहां किसान मौसम विभाग की स्थानीय चेतावनियों पर ध्यान दें। गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम करने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।