विज्ञापन
Home› Khabar Junction› The Taste Is Affected By The Weather Chittorgarh S Famous Sitaphal Is Famous The Price Reached 300 Kg In T

मौसम की मार पर भारी पड़ा स्वाद : चित्तौड़गढ़ के मशहूर सीताफल का जलवा, बाजार में ₹300/kg तक पहुंचे दाम...

गांव जंक्शन डेस्क, चित्तौड़गढ़ Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 12 Nov 2026 12:29 PM IST
सार

  • चित्तौड़गढ़ दुर्ग के मशहूर सीताफल का सीजन अंतिम दौर में, 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंचे दाम।
  • कम बारिश और तेज धूप से दूसरी फसल के सीताफल का आकार छोटा रह गया।
  • छोटे फल भी 150 रुपये किलो से ऊपर बिक रहे हैं, बाजार में मांग बरकरार।
  • भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की नीलामी में सीताफल के बगीचे का ठेका 3.61 लाख रुपये में उठा।

मौसम की मार के बावजूद सीताफल का बाजार में अच्छा दाम।
मौसम की मार के बावजूद सीताफल का बाजार में अच्छा दाम। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चित्तौड़गढ़ के मशहूर सीताफल का सीजन अब अपने आखिरी दौर में है। इस बार मौसम की मार और लगातार तेज धूप के कारण उपज पर खराब असर पड़ा है। दूसरी तरफ फलों का आकार भी छोटा रह गया है। मौसम की इस मार के बाद
बी बाजार में इसकी अच्छी मांग है, जिसके चलते सीताफल 300 रुपये प्रति किलो तक के ऊंचे भाव पर बिक रहा है। बाजार में भारी मांग होने से छोटे फलों के भी बहुत अच्छे दाम मिल रहे हैं और किसी भी सीताफल का भाव 150 रुपये किलो से नीचे नहीं गया है।

मौसम की मार से छोटा रह गया दूसरी फसल का फल
सीताफल का ठेका लेने वाले मनीष शर्मा के अनुसार, इस फसल को बहुत ज्यादा बारिश की जरूरत नहीं होती है, लेकिन फल बनने की शुरुआत में हल्की नमी का होना बहुत जरूरी है। इस बार मानसून में पर्याप्त बारिश नहीं हुई। ठेकेदार के मुताबिक, नवरात्र के समय मौसम अच्छा था, इसलिए पहली फसल में सीताफल का आकार बड़ा निकला और मुनाफा भी बेहतरीन मिला। लेकिन बाद में बारिश न होने और लगातार कड़ी धूप पड़ने से दूसरी फसल के फलों का विकास रुक गया और वे छोटे रह गए। पेड़ों पर फलों की संख्या तो कम नहीं हुई, लेकिन तेज धूप ने आकार को जरूर प्रभावित किया।

छोटा होने पर भी मिल रहा बेहतरीन दाम
फलों का आकार छोटा होने के बाद भी बाजार में इसकी मांग में कोई कमी नहीं आई है। ठेकेदार के अनुसार, पहले जो बड़े सीताफल 100 से 150 रुपये प्रति किलो तक बिकते थे, वही इस बार 250 से 300 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिके हैं। मांग ज्यादा होने की वजह से ठेकेदारों को नुकसान का सामना नहीं करना पड़ा है। बाजार में अभी भी अच्छी गुणवत्ता वाला सीताफल आराम से 200 से 250 रुपये किलो के भाव पर बिक रहा है। बड़े सीताफल तो ग्राहक तुरंत खरीद ही रहे हैं, साथ ही छोटे फलों की भी जमकर बिक्री हो रही है।

दो अलग-अलग विभागों ने की ठेके की नीलामी
चित्तौड़गढ़ परिसर में लगे सीताफल के पेड़ों की देखरेख और नीलामी का काम दो अलग-अलग सरकारी विभाग करते हैं। किले के अंदर के बगीचों और बाड़ों के पेड़ों की जिम्मेदारी 'भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण' के उद्यान विभाग के पास है। वहीं, किले के बाहर के रास्तों और आसपास के पेड़ों की नीलामी स्थानीय तहसील कार्यालय करता है। सरकारी प्रक्रिया के अनुसार, इस साल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की नीलामी में सबसे ऊंची बोली 3,61,000 रुपये की लगी, जिसका ठेका मनीष शर्मा को मिला। दूसरी तरफ, तहसील कार्यालय की नीलामी में 65,000 रुपये की उच्चतम बोली लगाकर किशन सालवी ने ठेका लिया। जानकारी के अनुसार, तहसील क्षेत्र वाले ठेकेदार किशन सालवी के इलाके से निकल रहे सीताफल बाजार में लगभग 150 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहे हैं।

बाहर से आए सीताफल भी किले के नाम पर बिक रहे
चित्तौड़गढ़ दुर्ग के सीताफलों की बाजार में अपनी एक खास पहचान और साख है। बाजार में इसकी इतनी ज्यादा मांग है कि बाहर से आए फल भी इसी के नाम पर बिक रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पाडन पोल इलाके में कई दुकानदार मध्य प्रदेश के नीमच से आए 'हाइब्रिड' (अलग किस्म के) सीताफल को भी चित्तौड़गढ़ दुर्ग का असली सीताफल बताकर ग्राहकों को बेच रहे हैं। कुल मिलाकर, इस बार आकार छोटा होने के बावजूद स्थानीय सीताफल ने बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है।


विज्ञापन
विज्ञापन