विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sugar Production Quadrupled Yet Prices On Rise Becoming 30 More Expensive In A Year

Sugar Prices: चीनी का उत्पादन चार गुना बढ़ा, फिर भी कीमतों में आग... एक साल में 30% हुई महंगी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 12 Nov 2026 12:47 PM IST
सार

भारत में चीनी का उत्पादन पिछले साल के मुकाबले चार गुना बढ़ा, लेकिन खुदरा कीमत 60.53 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। एक साल में चीनी करीब 30 फीसदी महंगी हुई।

चीनी
चीनी - फोटो : प्रतीकात्मक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में नए चीनी सीजन की शुरुआत के साथ चीनी का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में खुदरा कीमतें कम नहीं हुई हैं। उपभोक्ता मामलों के विभाग (DoCA) के आंकड़ों के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 तक देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 60.53 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई।

पिछले साल इसी तारीख को चीनी का औसत भाव 46.61 रुपये प्रति किलोग्राम था। यानी एक साल में कीमत करीब 30 फीसदी बढ़ गई है। चीनी के दाम पिछले एक महीने में भी बढ़े हैं। 11 अक्टूबर 2026 को देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 54.92 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो 11 नवंबर को बढ़कर 60.53 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

पिछले साल के मुकाबले चार गुना हुआ चीनी उत्पादन
इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के आंकड़ों के अनुसार, चालू सीजन में 5 नवंबर तक देश में 12.85 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका था। पिछले साल इसी अवधि में केवल 3.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इस तरह शुरुआती सीजन में चीनी का उत्पादन करीब चार गुना बढ़ गया है।

इस बार चीनी मिलों में पेराई भी पिछले साल के मुकाबले पहले शुरू हुई है। 5 नवंबर तक देशभर की 184 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 154 मिलों ने काम शुरू किया था।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा चीनी का उत्पादन
शुरुआती सीजन में चीनी उत्पादन के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा। ISMA के मुताबिक, 5 नवंबर तक राज्य की 136 चीनी मिलों ने 10.78 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। पिछले साल इसी अवधि में महाराष्ट्र की 101 मिलों ने केवल 1.23 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था।

वहीं, महाराष्ट्र शुगर कमिश्नरेट के आंकड़ों के अनुसार, 11 नवंबर तक राज्य की 143 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी थी। इन मिलों ने कुल 176.99 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई करके 15.022 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। इस तरह शुरुआती सीजन में चीनी का उत्पादन तेजी से बढ़ने के बावजूद खुदरा बाजार में कीमतों में कमी नहीं आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन