विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Pm Modi Said Farmers Top Priority Of Government Providing Cheap Fertilizers Our Resolve

पीएम मोदी बोले- : किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, सस्ती खाद उपलब्ध कराना हमारा संकल्प

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 12 Nov 2026 01:02 PM IST
सार

पीएम मोदी ने रबी सीजन 2026-27 के लिए 62,370 करोड़ रुपये की खाद सब्सिडी मंजूर होने का स्वागत किया। सरकार का कहना है कि किसानों को सस्ती दरों पर खाद मिलती रहेगी।

पीएम मोदी बोले- किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
पीएम मोदी बोले- किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रबी सीजन 2026-27 में किसानों को सस्ती दरों पर खाद उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने 62,370.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों का हित सरकार की हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सरकार किसानों पर इसका बोझ नहीं पड़ने देगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मुश्किल वैश्विक परिस्थितियों में भी सरकार किसानों का जीवन बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेट और पोटाश (P&K) खाद पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) की दरों को मंजूरी दी गई है। पीएम मोदी के मुताबिक, इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतों में होने वाले बदलाव का असर किसानों पर नहीं पड़ेगा। उन्हें खाद उचित और किफायती कीमतों पर मिलती रहेगी।

पिछले साल से 24,417 करोड़ रुपये ज्यादा सब्सिडी
रबी सीजन 2026-27 के लिए खाद सब्सिडी की अनुमानित जरूरत 62,370.02 करोड़ रुपये है। यह रबी सीजन 2025-26 के लिए तय 37,952.29 करोड़ रुपये की राशि से करीब 24,417.73 करोड़ रुपये अधिक है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद और उसके कच्चे माल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए सब्सिडी बढ़ाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य किसानों को खाद की बढ़ती लागत से राहत देना और खेती की लागत को नियंत्रण में रखना है।

किसानों को उचित कीमत पर मिलती रहेगी खाद
पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) योजना के तहत सरकार खाद में मौजूद नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और सल्फर जैसे पोषक तत्वों के आधार पर सब्सिडी देती है। यह राशि खाद कंपनियों को दी जाती है, ताकि किसानों को खाद कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा सके।

सरकार का कहना है कि रबी सीजन से पहले सब्सिडी की दरें तय करने से खाद की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे गेहूं, सरसों, चना और दूसरी रबी फसलों की खेती करने वाले किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन