विज्ञापन
Home› Khabar Junction› The Role Of Middlemen In Msp Procurement Full Payment For Paddy Credited To The Farmer S Account Yet The Com

MSP खरीद में बिचौलियों का खेल? : खाते में आए धान के पूरे पैसे, आढ़ती ने मांगे ₹55 हजार, पूरा मामला...

संतोष देव गिरी, चंडीगढ़ Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 23 Nov 2026 03:39 PM IST
सार

  • हरियाणा के रोहतक की नई अनाज मंडी में एमएसपी पर धान खरीद को लेकर बिचौलियों की भूमिका पर सवाल उठे हैं।
  • मोखरा गांव के किसान ने आरोप लगाया कि पूरी सरकारी राशि खाते में आने के बाद आढ़ती ने 55,277 रुपये वापस मांगे।
  • किसान के मुताबिक, 167 क्विंटल धान के लिए सरकारी जे-फार्म पर 2,461 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दर्ज किया गया।
  • आढ़ती ने धान में 17 प्रतिशत से अधिक नमी होने का हवाला देकर वास्तविक भाव 2,130 रुपये प्रति क्विंटल तय किया।

सरकार से किसानों को मिला एमएसपी का पूरा भुगतान, बिचौलिए ने मांगा पैसा
सरकार से किसानों को मिला एमएसपी का पूरा भुगतान, बिचौलिए ने मांगा पैसा - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

MSP खरीद में क्या बिचौलिए अपनी जगह बना सकते हैं? हरियाणा के मोखरा गांव में रहने वाले किसान ने बड़ा आरोप लगाया है। किसान का कहना है कि मंडी में धान बेचने के बाद सरकार से उनके खाते में एमएसपी की पूरी राशि भेज दी गई, लेकिन आढ़ती ने उनसे 55 हजार रुपये से ज्यादा की रकम वापस मांगी है। जानकारी के अनुसार, इस आढ़ती ने किसान को उपज में 17 प्रतिशत से ज्यादा नमी की मौजूदगी का हवाला देकर भाव में कटौती की बात कही थी। लेकिन, सरकारी जे-फार्म में कोई कटौती नहीं थी।

रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित किसान ने बताया कि उसने रविवार के दिन रोहतक की नई अनाज मंडी स्थित दुकान संख्या 28-बी पर अपनी 167 क्विंटल धान की उपज बेची थी। इस बिक्री के बदले में उसे 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की आधिकारिक दर से बाकायदा सरकारी जे-फार्म जारी किया गया। सरकारी व्यवस्था के तहत 72 घंटे के अंदर उसके बैंक खाते में 4,10,987 रुपये की पूरी राशि भी सीधे ट्रांसफर कर दी गई। इसके बावजूद, आढ़ती को भुगतान करने के बाद किसान के हाथ में असल भाव केवल 2,130 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ही आएगी।

प्रति क्विंटल 331 रुपये का अंतर और 55,277 रुपये लौटाने की मांग 
किसान ने बताया कि आढ़ती ने धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से अधिक होने का तर्क देकर भाव घटाने का मौखिक फैसला सुनाया था। सरकारी जे-फार्म पर दर्ज 2,461 रुपये और आढ़ती द्वारा तय किए गए 2,130 रुपये के बीच प्रति क्विंटल 331 रुपये का सीधा अंतर बनता है। कुल 167 क्विंटल धान के हिसाब से यह अंतर राशि 55,277 रुपये बैठती है, जिसे किसान को आढ़ती को वापस लौटाना है।

प्रदेश की दूसरी मंडियों में भी इसी खेल का दावा, बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद
किसान ने दावा किया कि किसानों के बैंक खातों का ऐसा उपयोग सिर्फ रोहतक मंडी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की अन्य मंडियों में भी इसी तरह से काम चल रहा है। सरकारी रिकॉर्ड में दिखाने के लिए पूरी धनराशि किसान के खाते में भेजी जाती है, लेकिन बाद में उसका एक तय हिस्सा आढ़ती वापस ले लेते हैं। किसान का कहना है कि आढ़ती के साथ हुई इस पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है, जो इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करती है।

साक्ष्य मिलने पर होगी जांच
इस पूरे मामले पर रोहतक मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक चौधरी ने स्थिति स्पष्ट की है। चेयरमैन के अनुसार, मामले की जांच कराए बिना वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि किसान से संबंधित पूरा विवरण और जानकारी मिलने के बाद ही मामले की विभागीय जांच शुरू कराई जाएगी, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई तय होगी।


विज्ञापन
विज्ञापन