ग्रामीण महिलाओं के लिए 25 नवंबर का दिन काफी खास होने वाला है। इस दिन ग्रामीण विकास मंत्रालय महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और आजीविको को मजबूत करने के मकसद से नई चेतना के पांचवें संस्करण का शुभारंभ करेगा। 23 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत देशभर के ग्रामीण इलाकों में चलाया जाएगा।
महिलाओं के अधिकारों-सुरक्षा के लिए चार मोर्चों पर होगा काम
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू होने वाले इस अभियान में महिलाओं को आर्थिक मोर्चे पर मजबूती देने पर फोकस किया गया है। इसके लिए चार क्षेत्रों पर काम करने की योजना है। इनमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान दिलाना, संपत्तियों पर उनकी पहुंच और नियंत्रण को मजबूत करना, उनके लिए सुरक्षित आवागमन तय करना और बिना वेतन के घरेलू देखभाल कार्यों की जिम्मेदारियों का एक समान बंटवारा शामिल है।
सरकार इस अभियान के तहत महिलाओं को आर्थिक-सामाजित मोर्चे पर मजबूती देने में आने वाली रुकावटों पर ध्यान दे रही है। इसके लिए हिंसा-मुक्त ग्राम पहल और मंत्रालयों की योजनाओं की मदद ली जाएगी।
हिंसा-मुक्त ग्राम समझौता आएगा सामने, महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
इस समारोह के दौरान ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग समेत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच हुआ समझौता ज्ञापन पेश किया जाएगा। बता दें कि यह समझौता हिंसा-मुक्त ग्राम पहल से जुड़ा हुआ है, जिसका मकसद ग्रामीण स्तर पर महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा की रोकथाम करना, कानूनी सहायता पहुंचाना और न्याय प्रणाली से सीधा जुड़ाव स्थापित करना है।
इसके अलावा 15 मंत्रालयों और विभागों से संबंधित एक संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका भी जारी की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह परामर्शिका विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और जमीनी तंत्र को एक मंच पर लाकर महिलाओं की आजीविका और संस्थागत सहायता को सुदृढ़ करेगी।
जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन और जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व
मंत्रालय के अनुसार, अभियान के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा, जो महिलाओं को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और शिकायत निवारण की सीधी सुविधा प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में जमीनी स्तर पर काम कर रहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी। साथ ही अंतर-मंत्रालयी समन्वय तथा महिला नेतृत्व के नवाचारों पर दो अलग-अलग पैनल चर्चाएं आयोजित होंगी। समारोह में अभियान के पिछले चरण यानी ‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट भी जारी की जाएगी, जिससे भविष्य की रणनीतियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
साल 2022 से जारी है राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन
ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, नई चेतना अभियान की शुरुआत साल 2022 में की गई थी, जो अब लैंगिक असमानता और भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को दूर करने के लिए एक बड़ा जन-आंदोलन बन चुका है। नई चेतना 5.0 के जरिए महिलाओं के निर्णय लेने की स्वतंत्रता और सुरक्षा का माहौल बनाने के साथ-साथ पुरुषों, बालकों और युवाओं को भी इस बदलाव में सक्रिय भागीदार बनाने के प्रयास किए जाएंगे।