भारत के अंडों का शहर तमिलनाडु का नमक्कल जिला विदेश में अंडों के लिए जाना जाता है, लेकिन बर्ड फ्लू के चलते निर्यात पर खराब असर पड़ने की संभावना है। वहीं, घरेलू स्तर पर सबरीमाला तीर्थयात्रा की शुरुआत के चलते अंडों की मांग में गिरावट आई है। इन दोनों कारणों ने अंडे के भाव को 7 नवंबर को दर्ज 6.70 रुपये से गिराकर रविवार को 5.60 रुपये पर ला दिया है।
पोल्ट्री उद्योग राज्य और केंद्र सरकार से दखल देने की अपील कर रहा है, जिससे भारतीय अंडों पर प्रतिबंध को समय रहते रोका जा सके। दरअसल कुड्डालोर जिले में बर्ड फ्लू का मामला दर्ज किया गया है, जिसके चलते ओमान के अंडा आयातकों में हिचकिचाहट उपजी है। नमक्कल के विदेशी खरीदारों की लिस्ट में ओमान एक अहम स्थान रखता है।
हर दिन 6 से 7 करोड़ अंडों का उत्पादन करता है नमक्कल
जानकार बताते हैं कि नमक्कल में 1,600 से ज्यादा पोल्ट्री फार्म काम कर रहे हैं। यह रोजाना लगभग 6 से 7 करोड़ अंडों का उत्पादन होता है। नमक्कल में तैयार होने वाले अंडे तमिलनाडु संग केरल, कर्नाटक और पुडुचेरी में आपूर्ति किए जाते हैं। इसके अलावा खाड़ी देशों, खासतौर से अरब देशों में भी नमक्कल से अंडों का निर्यात होता है। सबरीमाला सीजन की शुरुआत के चलते घरेलू स्तर पर 12 नवंबर से ही मांग घटना शुरू हो चुका था, जो अब निर्यात में आ रही रुकावटों के चलते और गहरा गया है।
कुड्डालोर में संक्रमण के बाद ओमान के आयातकों में असमंजस
कीमतों में आई इस तेज गिरावट का एक प्रमुख कारण ओमान के आयातकों का असमंजस है। ऑल इंडिया पोल्ट्री प्रोडक्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (एआईपीपीईए) के सचिव वलसन परमेश्वरन के अनुसार, नमक्कल से अकेले ओमान को हर महीने लगभग 2 से 3 करोड़ अंडे भेजे जाते हैं। हालांकि, ओमान सरकार ने अभी तक भारतीय अंडों के आयात पर कोई आधिकारिक प्रतिबंध नहीं लगाया है, लेकिन कुड्डालोर जिले के कुछ फार्मों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद वहां के खरीदार नए ऑर्डर देने को लेकर दुविधा में हैं।
संक्रमण वाली जगह से 200 किलोमीटर दूर है नमक्कल, हर अंडे की हो रही जांच
एसोसिएशन के सचिव ने स्पष्ट किया है कि बर्ड फ्लू का मामला कुड्डालोर के एक छोटे फार्म तक ही सीमित है, जबकि नमक्कल वहां से 200 किलोमीटर से भी अधिक की दूरी पर स्थित है। उन्होंने बताया कि नमक्कल क्षेत्र पूरी तरह से रोग मुक्त है और यहां के सभी फार्म बेहद कड़े जैव-सुरक्षा (बायोसिक्योरिटी) नियमों के तहत काम करते हैं। नमक्कल से बाहर जाने वाले प्रत्येक अंडे की बाकायदा वैज्ञानिक जांच की जाती है, इसलिए विदेशी बाजारों को गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति आशंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है।
बंदरगाहों पर फंसे 30 से अधिक कंटेनरों को तत्काल मंजूरी दिलाने की मांग
वलसन परमेश्वरन ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि वह केंद्र सरकार के माध्यम से सीमा शुल्क, पशु चिकित्सा संगरोध (क्वारंटीन) प्राधिकरणों, बंदरगाह अधिकारियों और ओमान स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधे। उन्होंने शनिवार तक पैक हो चुके 30 से अधिक रेफ्रिजरेटेड कंटेनरों को बिना किसी अड़चन के तुरंत क्लीयरेंस दिलाने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, सरकार से विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूओएएच) के दिशा-निर्देशों के तहत नमक्कल लेयर जोन को बर्ड फ्लू मुक्त क्षेत्र प्रमाणित करते हुए तत्काल स्वच्छता संबंधी स्पष्टीकरण जारी करने का अनुरोध किया गया है।
खाड़ी देशों में प्रतिनिधिमंडल भेजकर भरोसा बहाली की तैयारी का सुझाव
एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से यह भी कदम उठाने की मांग की है कि कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) और निर्यातकों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल तत्काल प्रमुख आयातक देशों के दौरे पर भेजा जाए। इसमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ओमान, कतर और दक्षिण अफ्रीका जैसे बड़े बाजार शामिल हैं। इस प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से विदेशी नियामकों और खरीदारों को भारतीय अंडों की सुरक्षा, गुणवत्ता और कड़े सुरक्षा मानकों का भरोसा दिया जा सकता है, जिससे व्यापार पर मंडरा रहा अनिश्चितता का बादल छंट सके।