मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से आए गन्ना किसानों ने गन्ने की खरीद दर 600 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग को लेकर 23 नवंबर को राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, किसान अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया। आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद किसानों ने मौके पर ही बैठकर अपना धरना-प्रदर्शन जारी रखा।
मौजूदा भाव लागत के मुकाबले कम
यह प्रदर्शन राष्ट्रवादी किसान सेना के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व संगठन के संयोजक प्रतीक शर्मा ने किया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि वर्तमान में मिल रहा गन्ने का भाव खेती की लगातार बढ़ती लागत के मुकाबले बहुत कम है। किसानों के अनुसार, खाद, बीज, कीटनाशक, सिंचाई, कटाई मजदूरी और परिवहन खर्च में भारी इजाफा हुआ है। ऐसे में किसानों ने राज्य सरकार और चीनी मिल मालिकों से मांग की है कि उत्पादकों को उनकी फसल का वाजिब मुनाफा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
बातचीत रही फेल , 450 रुपये से अधिक देने को तैयार नहीं थे मिलर्स
भोपाल में प्रदर्शन से पहले नरसिंहपुर में जिला कलेक्टर की मध्यस्थता में किसान प्रतिनिधियों और चीनी मिल मालिकों के बीच करीब दो घंटे तक अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में किसान संगठनों ने बाजार में चीनी की दरों का हवाला देते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग मजबूती से रखी। हालांकि, मिल संचालक 450 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा भाव देने पर राजी नहीं हुए। सहमति न बन पाने के कारण यह बातचीत पूरी तरह बेनतीजा रही, जिसके बाद किसानों ने अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए भोपाल आने का फैसला किया।
सरकार से मिल संचालकों के साथ बैठक की मांग, केंद्र ने तय किया है 365 रुपये एफआरपी
आंदोलनरत किसानों ने राज्य सरकार से अपील की है कि वह चीनी मिल संचालकों के साथ तत्काल एक बैठक बुलाकर इस मसले का समाधान निकाले। किसानों का कहना है कि गन्ने का भाव चीनी के मौजूदा बाजार भाव और खेती की वास्तविक लागत के आधार पर तय होना चाहिए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए 10.25 प्रतिशत की बेसिक रिकवरी दर पर गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो मिलों द्वारा दिया जाने वाला न्यूनतम कानूनी मूल्य है। वहीं, मध्य प्रदेश के किसानों की 600 रुपये की मांग स्थानीय चीनी मिलों से मिलने वाले अतिरिक्त भुगतान को लेकर है, जो केंद्र के एफआरपी से अलग व्यवस्था का हिस्सा है।