बीएचयू के खेत बचाओ अभियान के तहत मिर्जापुर के फुलियारी गांव में किसान गोष्ठी आयोजित।
किसानों को मिट्टी की सेहत को ध्यान में रखकर खेती करने की सलाह दी गई
वैज्ञानिकों ने मिट्टी की जांच और जैविक-रासायनिक खादों के संतुलित इस्तेमाल पर दिया जोर।
लंबे समय के लिए मिट्टी के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए जैविक खेती अपनाने की सलाह
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी ने इक्रिसैट के सहयोग से खेत बचाओ अभियान के तहत मिर्जापुर के फुलियारी गांव में 21 नवंबर को कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों ने मिट्टी की सेहत को ध्यान में रखकर किसानों को खेती करने की सलाह दी। इसके लिए वैज्ञानिकों ने संतुलित खाद उपयोग और जैविक खेती समेत कई विषयों पर अपनी बात रखी।
पराली जलाने से नष्ट होते हैं मित्र कीट, जैविक खाद बनाने की सलाह
बीएचयू कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख प्रो. श्रीराम सिंह ने किसानों को फसल अवशेष और पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में समझाया। उनके अनुसार, खेतों में आग लगाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव जलकर नष्ट हो जाते हैं, मिट्टी में जैविक कार्बन घटता है और वायु प्रदूषण बढ़ता है। उन्होंने पराली जलाने के स्थान पर फसल अवशेषों को खेत में ही बिछाने (मल्चिंग), कंपोस्ट बनाने और बायो-डीकंपोजर के उपयोग जैसी व्यावहारिक और सस्ती तकनीकों का प्रदर्शन करके दिखाया, जिससे अवशेषों को पोषक तत्वों से भरपूर खाद में बदला जा सके।
मिट्टी की वैज्ञानिक जांच और संतुलित खाद प्रबंधन जरूरी
राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. पी. के. शर्मा ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभ बताते हुए किसानों से नियमित रूप से मिट्टी की जांच कराने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को खेत से मिट्टी का नमूना लेने की सही वैज्ञानिक विधि भी सिखाई। वहीं, प्रो. अमिताभ रक्षित ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन पर जोर देते हुए बताया कि रासायनिक खादों के अत्यधिक और असंतुलित इस्तेमाल से खेतों में कई तरह के सूक्ष्म पोषक तत्वों की भारी कमी हो रही है, जिसे जैविक और रासायनिक खादों के सही तालमेल से ही रोका जा सकता है।
जल संरक्षण और जैविक खेती से टिकाऊ बनेगी फसल उत्पादन प्रणाली
गोष्ठी में डॉ. विनोद के. त्रिपाठी ने जल संरक्षण की तकनीकों और सिंचाई में पानी की उपयोग दक्षता बढ़ाने के उपायों पर अपनी बात रखी। इसके साथ ही, डॉ. आशीष लतारे ने जमीन की सेहत को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में जैविक खेती की भूमिका को रेखांकित किया। इक्रिसैट के डॉ. अशोक शुक्ला ने फुलियारी और निकटवर्ती क्षेत्रों में संस्थान द्वारा संचालित जलागम (वाटरशेड) विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं, डॉ. सत्येंद्र नाथ सिंह ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मृदा एवं भूमि उपयोग सर्वेक्षण संस्थान द्वारा चलाए जा रहे मृदा मानचित्रण कार्यक्रम के लाभ किसानों को बताए।
किसानों ने समस्या बताई, वैज्ञानिकों ने दिए सुझाव
इस किसान गोष्ठी में फुलियारी और आसपास के गांवों के कुल 175 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में किसानों ने खेती, मिट्टी की उर्वरता और फसल उत्पादन से जुड़ी अपनी समस्याएं वैज्ञानिकों के सामने रखीं, जिस पर विशेषज्ञों ने व्यावहारिक सुझाव दिए। इस पूरे आयोजन का समन्वय इक्रिसैट के आनंद सिंह और मृदा मानचित्रण टीम के सदस्यों ने किया, जबकि कार्यक्रम के समापन पर प्रो. पी. के. शर्मा ने किसानों और सहयोगी संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया।