विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Telangana Hc Assured Of Returning Farmers Land Used For Idol Immersion

तेलंगाना : किसानों की 33 गुंटा जमीन मूल स्थिति में लौटाने का आश्वासन, हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला

गांव जंक्शन डेस्क, हैदराबाद Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 18 Nov 2026 06:12 PM IST
सार

तेलंगाना हाईकोर्ट में करीमनगर प्रशासन ने किसानों की 33 गुंटा निजी पट्टा जमीन मूल स्थिति में लौटाने का भरोसा दिया है। इस जमीन का इस्तेमाल बथुकम्मा और गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए किया जा रहा था। 

किसानों की अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर चित्रा मिश्रा ने अदालत को आश्वासन दिया है।
किसानों की अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर चित्रा मिश्रा ने अदालत को आश्वासन दिया है। - फोटो : AI Image (सांकेतिक तस्वीर)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेलंगाना हाईकोर्ट ने करीमनगर जिला प्रशासन से किसानों की निजी जमीन का इस्तेमाल सार्वजनिक गतिविधियों के लिए किए जाने पर सवाल उठाए। किसानों की अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर चित्रा मिश्रा ने अदालत को आश्वासन दिया कि 33 गुंटा यानी करीब 35,937 वर्ग फीट पट्टा जमीन किसानों को उसकी मूल स्थिति में वापस सौंपी जाएगी।

न्यायमूर्ति सीवी भास्कर रेड्डी ने पूछा कि जब प्रशासन ने पहले वैकल्पिक जमीन देने या कानूनी प्रक्रिया के तहत अधिग्रहण कर मुआवजा देने का भरोसा दिया था, तो उसका पालन क्यों नहीं किया गया।

तीन साल तक विसर्जन के लिए इस्तेमाल हुई जमीन
किसानों के वकील ने बताया कि प्रशासन तीन वर्षों से जमीन का इस्तेमाल बथुकम्मा और गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए कर रहा था। वहां बजरी डाली गई और स्ट्रीट लाइट सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं। किसानों को एक एकड़ वैकल्पिक जमीन देने का भी आश्वासन दिया गया था।

कलेक्टर ने कहा कि जमीन करीमनगर नगर निगम में शामिल हो चुकी है और इसका इस्तेमाल किसी स्थायी सरकारी परियोजना के लिए नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन तालाब की एफटीएल सीमा में आती है और खेती के अधीन नहीं थी।

अदालत ने प्रशासन से पूछा कि जब जमीन की जरूरत नहीं थी तो पहले इसे विसर्जन स्थल के रूप में क्यों चिह्नित किया गया था। कलेक्टर ने जमीन वापस करने और भविष्य में बिना उचित आदेश के इसका इस्तेमाल नहीं करने का आश्वासन दिया। अदालत ने अंतिम आदेश सुरक्षित रख लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन