Home›Khabar Junction›
Pralhad Joshi Urges Karnataka To Provide Additional Support To Sugarcane Farmers
कर्नाटक: गन्ना किसानों को अतिरिक्त आर्थिक मदद दे राज्य सरकार, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने की मांग
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली/बेंगलुरु
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 18 Nov 2026 05:55 PM IST
सार
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से गन्ना किसानों के लिए राज्य परामर्श मूल्य (SAP) घोषित करने या अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया है। उन्होंने पारदर्शी तौल और गन्ना भुगतान व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है।
केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी
- फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक सरकार से गन्ना किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को पत्र लिखकर राज्य परामर्श मूल्य (SAP) घोषित करने या अनुदान एवं प्रोत्साहन के जरिए किसानों की मदद करने का सुझाव दिया है।
जोशी के मुताबिक, किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हाल की बैठक में अपनी समस्याएं उठाई थीं। उन्होंने राज्य सरकार से बजट की कमी का हवाला देने के बजाय तत्काल कदम उठाने की अपील की।
FRP में की गई 10 रुपये की बढ़ोतरी
केंद्र ने चालू सीजन के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 355 रुपये से बढ़ाकर 365 रुपये प्रति क्विंटल किया है। यह फैसला कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिश और संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद लिया गया। जोशी ने कहा कि कई राज्य गन्ना किसानों को SAP या अतिरिक्त आर्थिक सहायता देते हैं। कर्नाटक में खेती की लागत अधिक होने के कारण वहां भी ऐसा किया जा सकता है।
चीनी की MSP बढ़ाने की मांग पर भी टिप्पणी
चीनी की न्यूनतम बिक्री कीमत (MSP) बढ़ाने की मांग पर उन्होंने कहा कि फिलहाल मिलों से चीनी की बिक्री 48 से 50 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर हो रही है, जबकि मौजूदा MSP 31 रुपये प्रति किलो है।
उन्होंने बताया कि इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल और निर्यात को बढ़ावा देने वाली नीतियों से मिलों को अतिरिक्त आय हुई है। पिछले सीजन के देशभर के करीब 99.6 प्रतिशत गन्ना बकाये का भुगतान किया जा चुका है।
प्रो. रमेश चंद की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति किसानों, चीनी मिलों और राज्य सरकार के साथ क्षेत्र की समस्याओं पर विचार कर रही है। जोशी ने पारदर्शी रिकवरी जांच, तौल व्यवस्था और गन्ने की ढुलाई लागत घटाने के उपाय करने की भी अपील की।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।