Home›Khabar Junction›
Telangana Faces Drought Due Super El Nino Demands Rs 20000 Crore Farmers Central Team Investigate
सुपर अल नीनो से तेलंगाना में सूखे का संकट : किसानों के लिए मांगे 20 हजार करोड़, जांच करेगी केंद्रीय टीम
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 28 Nov 2026 04:32 PM IST
सार
सुपर अल नीनो के असर से तेलंगाना में सूखे और फसल नुकसान का आकलन करने केंद्रीय टीम पहुंचेगी। राज्य सरकार ने किसानों और पशुपालकों की मदद के लिए केंद्र से 20 हजार करोड़ रुपये मांगे हैं।
तेलंगाना में सूखे और फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की 10 सदस्यीय टीम 29 नवंबर से राज्य के दौरे पर आएगी। यह टीम 2 दिसंबर तक अलग-अलग जिलों में जाकर खेतों का निरीक्षण करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपेगी। रिपोर्ट और टीम की सिफारिशों के आधार पर केंद्र सरकार तेलंगाना को आर्थिक मदद देने पर फैसला करेगी। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के संयुक्त सचिव फ्रैंकलिन खोबुंग के नेतृत्व में यह टीम चार दिनों तक खेतों में जाकर सूखे की स्थिति और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेगी।
दरअसल, तेलंगाना सरकार ने राज्य में सूखे से प्रभावित किसानों और पशुपालकों की मदद के लिए केंद्र से 20,000 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मांगी है। इस राशि का इस्तेमाल फसलों और पशुधन को हुए नुकसान की भरपाई, पीने के पानी की व्यवस्था और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने में किया जाना है। राज्य सरकार के अनुसार, 32 जिलों के 365 मंडलों में सूखे की स्थिति है। इनमें से 254 मंडलों में गंभीर सूखा और 111 मंडलों में अत्यधिक सूखे की स्थिति बताई गई है।
पहले 25 लाख एकड़ में फसल नुकसान का अनुमान
राज्य सरकार ने शुरुआत में करीब 25 लाख एकड़ में फसलों के नुकसान का अनुमान लगाया था। इसके बाद खेतों का सर्वे कराया गया और नुकसान के आंकड़ों में बदलाव किया गया। ताजा आकलन में करीब पांच लाख एकड़ में फसलें खराब होने की बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक, धान की फसल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, जबकि कपास की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।
हालांकि, किसान संगठनों ने सरकार के आकलन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अरहर, सोयाबीन और मक्का की पैदावार सामान्य से करीब 50 फीसदी तक कम हुई है। संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि फसल नुकसान का आकलन करते समय बटाईदार किसानों को पर्याप्त रूप से शामिल नहीं किया गया।
केंद्र और राज्य के अधिकारियों के बीच हुई बैठक
सूखे की स्थिति पर राज्य सरकार ने पहले कैबिनेट की बैठक में चर्चा की। इसके बाद सर्वदलीय बैठक बुलाकर केंद्र से आर्थिक मदद मांगने का फैसला किया गया। केंद्रीय टीम के दौरे की तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र और राज्य के अधिकारियों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक हुई। इसमें टीम के निरीक्षण, फसल नुकसान के आकलन और दौरे के दौरान देखे जाने वाले क्षेत्रों पर चर्चा की गई। निरीक्षण पूरा होने के बाद केंद्रीय टीम अपनी रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपेगी। इसके आधार पर केंद्र सरकार आर्थिक सहायता देने पर अंतिम फैसला करेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।