विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tea Prices Fall At Kochi Auction Average Price Drops By Rs 4 To Rs 175 Per Kg

Kochi Tea Auction: कोच्चि की नीलामी में चाय की कीमतों में गिरावट, औसत भाव 4 रुपये घटकर 175 रुपये किलो

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 07 Nov 2026 02:32 PM IST
सार

कोच्चि की चाय नीलामी में औसत भाव 4 रुपये घटकर 175 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। विदेशी मांग कमजोर रहने और ऑनलाइन नीलामी में तकनीकी खराबी से चाय कारोबार प्रभावित हुआ।

चाय पत्ती
चाय पत्ती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोच्चि की चाय नीलामी में मांग ठीक रहने के बावजूद इस सप्ताह चाय की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। खासकर ऑर्थोडॉक्स चाय की अलग-अलग किस्मों के भाव में गिरावट रही। कारोबारियों के मुताबिक, विदेशी खरीदारों की मांग कमजोर रहने और चुनिंदा किस्मों की खरीद होने से औसत कीमत पर दबाव पड़ा। इस सप्ताह चाय का औसत भाव 4 रुपये घटकर 175 रुपये प्रति किलो रह गया, जबकि पिछले सप्ताह यह 179 रुपये था।

कारोबारियों का कहना है कि नीलामी के 45वें सप्ताह में विदेशी खरीदारों ने ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। बाजार को उम्मीद है कि अमेरिका के मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बाद पश्चिम एशियाई बाजारों में चाय की खरीदारी बढ़ सकती है। इसी इंतजार में फिलहाल विदेशी कारोबारियों ने खरीदारी सीमित रखी।

नीलामीकर्ता फोर्ब्स, इवर्ट एंड फिगिस के मुताबिक, ऑर्थोडॉक्स चाय की कुछ किस्मों के भाव में 5 से 10 रुपये प्रति किलो तक की गिरावट आई। कुछ किस्मों में यह गिरावट इससे भी ज्यादा रही। इस सप्ताह नीलामी में 3,08,280 किलो ऑर्थोडॉक्स चाय बिक्री के लिए रखी गई थी। इसमें से करीब 83 फीसदी चाय बिक गई।

तकनीकी खराबी से कुछ घंटे प्रभावित रहा कारोबार
कोच्चि की चाय नीलामी के दौरान नए ट्रेडफोर्ज (TradeForge) ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण कुछ घंटों तक नीलामी का काम प्रभावित रहा। हालांकि, बाद में तकनीकी समस्या दूर होने के बाद कारोबार फिर सामान्य हो गया। कारोबारियों ने कहा कि ऑनलाइन नीलामी व्यवस्था में तकनीकी गड़बड़ी से खरीद-बिक्री प्रभावित होती है। इसलिए प्लेटफॉर्म को बेहतर और भरोसेमंद बनाना जरूरी है।

डस्ट चाय के भाव भी गिरे
नीलामी में डस्ट चाय की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। अच्छी रंगत और स्वाद देने वाली लिकरिंग चाय के भाव 2 से 3 रुपये प्रति किलो तक कम हुए। इस सप्ताह 7,24,798 किलो डस्ट चाय बिक्री के लिए रखी गई थी। इसमें से ब्लेंडर्स यानी अलग-अलग किस्मों की चाय मिलाकर तैयार करने वाली कंपनियों ने करीब 67 फीसदी चाय खरीद ली।

कोचीन टी ट्रेड एसोसिएशन के अनिल जॉर्ज जोसेफ के मुताबिक, इस सप्ताह बाजार में खरीदारी चुनिंदा किस्मों तक सीमित रही। चाय की गुणवत्ता ही उसकी कीमत तय करने में सबसे अहम रही। अच्छी तरह तैयार की गई और बेहतर स्वाद व रंग देने वाली चाय को खरीदार मिले। वहीं, मध्यम और कम गुणवत्ता वाली चाय की मांग कमजोर रही। ऐसी कई किस्मों के भाव गिरे और कुछ चाय बिना बिके ही रह गई।

उन्होंने कहा कि नई ट्रेडफोर्ज नीलामी व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी ने ऑनलाइन कारोबार को भरोसेमंद बनाने की जरूरत भी सामने रखी है। तकनीक का इस्तेमाल नीलामी में पारदर्शिता बढ़ाने, सही कीमत तय करने और खरीद-बिक्री को आसान बनाने के लिए होना चाहिए, न कि कारोबार में रुकावट डालने के लिए। उनके मुताबिक, चाय कारोबार को मजबूत बनाने के लिए बेहतर गुणवत्ता, नए बाजारों तक पहुंच और भरोसेमंद ऑनलाइन नीलामी व्यवस्था पर ध्यान देना जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन