विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Haryana Agriculture Minister Reviews Millet Procurement In Mandis Says Government Compensate Price Lower Msp

हरियाणा: कृषि मंत्री ने मंडियों में बाजरा खरीद का लिया जायजा, बोले- MSP से कम भाव मिला तो सरकार करेगी भरपाई

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 07 Nov 2026 04:01 PM IST
सार

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने तीन अनाज मंडियों में बाजरा खरीद का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि MSP से कम भाव मिलने पर किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत अंतर की राशि दी जाएगी।
 

बाजरा
बाजरा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को नारनौल, नांगल चौधरी और अटेली की अनाज मंडियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों से फसल की आवक, खरीद, उठान और किसानों को किए जा रहे भुगतान की जानकारी ली।

कृषि मंत्री ने मंडियों में मौजूद किसानों और आढ़तियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही बाजरे की खरीद में तेजी लाने और किसानों को समय पर भुगतान करने को कहा।

श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दे रही है।

उन्होंने कहा कि अगर मंडी में किसी किसान की फसल MSP से कम कीमत पर बिकती है तो भावांतर भरपाई योजना के तहत कीमत का अंतर सरकार की ओर से दिया जाता है। किसानों के हित सरकार की प्राथमिकता हैं और खरीद से लेकर भुगतान तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान एसडीएम उदय सिंह, एसडीएम गुरविंदर सिंह, नगर परिषद चेयरमैन कमलेश सैनी और मार्केट कमेटी चेयरमैन रमाशंकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन