विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Target Of 20 Ethanol Blending In Petrol Nearly Achieved Average Blend Reaches 19 99 With Maize Playing The

पेट्रोल में 20% इथेनॉल का लक्ष्य लगभग पूरा : 19.99% पहुंचा औसत मिश्रण, मक्के ने निभाई सबसे बड़ी भूमिका...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 08:35 PM IST
सार

बीते इथेनॉल सप्लाई सीजन (2025-26) में इथेनॉल का औसत मिश्रण 19.99 प्रतिशत रहा।
AIDA के मुताबिक, कुल इथेनॉल सप्लाई में अनाज की हिस्सेदारी 73.52 फीसदी रही।
मक्का इथेनॉल उत्पादन का सबसे बड़ा स्रोत रहा, इससे 489.71 करोड़ लीटर इथेनॉल की सप्लाई हुई।
गन्ने के रस और शीरे से कुल 288.38 करोड़ लीटर इथेनॉल की आपूर्ति की गई।
दूसरी तरफ नवंबर महीने से शुरू हुए नए सप्लाई सीजन (2026-27) में गन्ने के इस्तेमाल को सीमित कर दिया गया है।

इथेनॉल सप्लाई सीजन (2025-26) में भारत का औसत मिश्रण 19.99 प्रतिशत रहा।
इथेनॉल सप्लाई सीजन (2025-26) में भारत का औसत मिश्रण 19.99 प्रतिशत रहा। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीते इथेनॉल आपूर्ति वर्ष (2025-26) में भारत ने पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य लगभग हासिल कर लिया है। अखिल भारतीय डिस्टिलर्स एसोसिएशन के अनुसार, इस दौरान पेट्रोल में इथेनॉल का औसत मिश्रण 19.99% रहा। बता दें कि इथेनॉल सप्लाई सीजन एक नवंबर से शुरू होकर 31 अक्तूबर तक चलता है। वर्तमान में भारत 2026-26 सप्लाई सीजन में प्रवेश कर चुका है।

31 अक्टूबर तक के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल 1,134.36 करोड़ लीटर इथेनॉल का मिश्रण किया गया।

जरूरत से ज्यादा हुआ इथेनॉल का आवंटन
एसोसिएशन के अनुसार, इस अवधि में देश को कुल 1,050 करोड़ लीटर इथेनॉल की जरूरत थी। इसके मुकाबले 1,196.90 करोड़ लीटर इथेनॉल का आवंटन किया गया। हालांकि, वास्तविक आपूर्ति 1,088.91 करोड़ लीटर रही।

इथेनॉल बनाने में अनाज की हिस्सेदारी 73.52%
AIDA के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल इथेनॉल उत्पादन में अनाज से मिलने वाले कच्चे माल की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही। अनाज आधारित स्रोतों से 800.53 करोड़ लीटर इथेनॉल की आपूर्ति हुई, जो कुल आपूर्ति का 73.52% है। वहीं, गन्ने से जुड़े स्रोतों से 288.38 करोड़ लीटर इथेनॉल मिला। इसकी कुल आपूर्ति में हिस्सेदारी 26.48% रही। इन आंकड़ों से पता चलता है कि इथेनॉल उत्पादन में अनाज का इस्तेमाल बढ़ा है।

मक्का से सबसे ज्यादा 489.71 करोड़ लीटर इथेनॉल बना
अनाज से इथेनॉल बनाने में मक्का सबसे बड़ा स्रोत रहा। AIDA के अनुसार, मक्के से 489.71 करोड़ लीटर इथेनॉल की आपूर्ति हुई, जो कुल आपूर्ति का करीब 46% है। इसके अलावा, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के पास मौजूद अतिरिक्त चावल से 233.95 करोड़ लीटर और खराब खाद्यान्न से 76.87 करोड़ लीटर इथेनॉल की आपूर्ति की गई।

गन्ने के रस और शीरे से भी हुआ इथेनॉल उत्पादन
गन्ने से जुड़े स्रोतों से कुल 288.38 करोड़ लीटर इथेनॉल की आपूर्ति हुई। इसमें गन्ने के रस से 153.36 करोड़ लीटर, बी-हेवी शीरे से 118.04 करोड़ लीटर और सी-हेवी शीरे से 16.98 करोड़ लीटर इथेनॉल बनाया गया।

इथेनॉल उत्पादन के लिए 32.45 लाख टन चीनी का इस्तेमाल
AIDA के मुताबिक, इथेनॉल उत्पादन के लिए करीब 32.45 लाख टन चीनी का इस्तेमाल किया गया। इसमें 23 लाख टन चीनी गन्ने के रस के माध्यम से और 9.44 लाख टन बी-हेवी शीरे के माध्यम से इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल हुई।

AIDA अध्यक्ष बोले- ऊर्जा और कृषि दोनों को मिला फायदा
AIDA के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में इथेनॉल मिश्रण की यह उपलब्धि ऊर्जा सुरक्षा, कृषि विकास और औद्योगिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाने का उदाहरण है। उनके मुताबिक, 20% इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल करने में सरकार, तेल विपणन कंपनियों, इथेनॉल निर्माताओं, किसानों और डिस्टिलरी उद्योग की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि मक्का और भारतीय खाद्य निगम के अतिरिक्त चावल जैसे अनाज आधारित स्रोतों का योगदान बढ़ने से इथेनॉल बनाने के लिए कच्चे माल के विकल्प बढ़े हैं। AIDA के अनुसार, अनाज और गन्ने दोनों से इथेनॉल बनाने वाली इकाइयां देश की जरूरत पूरी करने में योगदान दे रही हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन